शिवम की मौत का सच गंगा की लहरों में दफन या साजिश का हिस्सा?
जमालपुर के संत माइकल स्कूल के छात्र शिवम कुमार की रहस्यमय मौत का मामला तीन दिन बाद भी अनसुलझा है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस पोस्टमा ...और पढ़ें

संत माइकल स्कूल के दसवीं के मेधावी छात्र शिवम कुमार।
HighLights
छात्र शिवम कुमार की रहस्यमय मौत का मामला अनसुलझा।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच जारी।
आरोपित परिवार फरार, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
जागरण संवाददाता, जमालपुर (मुंगेर)। संत माइकल स्कूल के दसवीं के मेधावी छात्र शिवम कुमार की रहस्यमय मौत का रहस्य तीन दिन बाद भी अनसुलझा है। गुमशुदगी के 24 घंटे बाद सीताकुंड गंगा घाट से बरामद शव ने पूरे मामले को उलझा दिया है।
हत्या की आशंका पर अड़े स्वजन
जिस परिस्थिति में छात्र का शव बरामद हुआ है, उसे देखकर परिजनों ने शुरू से ही हत्या की गहरी आशंका जताई है। शांत स्वभाव के शिवम के पिता वीरेंद्र बिंद ने बताया कि बेटे का सदर बाजार के बाहर किसी से कोई मेलजोल नहीं था।
आरोपित के बंद घर पहुंची पुलिस
घटना के तीसरे दिन रविवार को जमालपुर पुलिस कथित आरोपित के घर दबिश देने पहुँची। स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार को शव मिलने के बाद से ही आरोपित का पूरा परिवार घर में ताला बंद कर कहीं फरार हो गया है।
थानाध्यक्ष ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान को जांच के दौरान घर में केवल एक बुजुर्ग महिला मिली, जिससे पूछताछ की गई है। पुलिस कप्तान के निर्देश पर हर पहलू की गंभीरता से वैज्ञानिक जांच की जा रही है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
खबरें और भी
वर्दी पहनने की चर्चा से रहस्य गहराया
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि कथित आरोपित परिवार का एक सदस्य सेना में है, जो सामान्य दिनों में कभी वर्दी में नहीं रहता था। लेकिन, जिस दिन शिवम का शव मिला, वह अचानक फौजी वर्दी पहनकर इलाके में घूमता दिखा था।
आखिरी कॉल और सीडीआर पर नजर
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अब पूरी तरह छात्र के मोबाइल फोन से जुड़ी डिजिटल जांच और तकनीकी साक्ष्यों पर निर्भर है। पुलिस की विशेष टीम कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल लोकेशन का बारीकी से विश्लेषण कर रही है।
श्रीकृष्ण सेतु से शव फेंकने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि शुरुआती दौर में पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे जांच का महत्वपूर्ण समय हाथ से निकल गया। शव पर चोट और खून के निशान थे, जिससे प्रतीत होता है कि हत्या कर शव को श्रीकृष्ण सेतु से गंगा में फेंका गया।
बिखर गया परिवार का सपना: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मेधावी छात्र शिवम कुमार की मौत ने पूरे जमालपुर इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शांत और सिर्फ पढ़ाई में व्यस्त रहने वाले बेटे को लेकर वीरेंद्र बिंद का पूरा परिवार यह सपना देख रहा था कि वह पढ़-लिखकर बड़ा अधिकारी बनेगा। एक झटके में पूरे परिवार की दुनिया उजड़ गई है।
फिलहाल पुलिस जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुँचने से बच रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल (FSL) की वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा। तब तक न्याय की उम्मीद में पीड़ित परिवार की निगाहें पुलिसिया कार्रवाई पर टिकी हैं।