मुंगेर: लकड़कोला स्कूल के जर्जर भवन पर बीडीओ का एक्शन, अब सामुदायिक भवन में पढ़ेंगे बच्चे
दैनिक जागरण की खबर के बाद बीडीओ रश्मि भारती ने लकड़कोला प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन का निरीक्षण किया और बच्चों की सुरक्षा के लिए कक्षाओं को मरपा गा ...और पढ़ें
HighLights
बीडीओ ने लकड़कोला प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन का निरीक्षण किया।
बच्चों की पढ़ाई अब मरपा गांव के सामुदायिक भवन में होगी।
नए विद्यालय भवन के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी।
संवाद सूत्र, धरहरा (मुंगेर)। दैनिक जागरण में प्राथमिक विद्यालय लकड़कोला के जर्जर भवन के कारण पठन-पाठन बंद होने और बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहे खतरे की खबर प्रकाशित होने के बाद शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी रश्मि भारती ने विद्यालय पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
उन्होंने भवन की जर्जर स्थिति का जायजा लिया और बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होने देने के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब तक नया विद्यालय भवन नहीं बन जाता, तब तक मरपा गांव स्थित सामुदायिक भवन में विद्यालय का संचालन कराया जाएगा।

संबंधित अधिकारियों को सामुदायिक भवन में बैठने, पेयजल, बिजली व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि जल्द से जल्द बच्चों की नियमित पढ़ाई शुरू हो सके।
बीडीओ रश्मि भारती ने बताया कि विद्यालय के नए भवन के निर्माण के लिए विभागीय प्रक्रिया चल रही है। इसे शीघ्र पूरा कर निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थायी भवन बनने तक बच्चों की पढ़ाई वैकल्पिक भवन में नियमित रूप से जारी रहेगी।
-1784894242913.jpeg)
ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित पहल का स्वागत करते हुए नए विद्यालय भवन का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग दोहराई। आशंका को देखते हुए अभिभावकों ने बच्चों को विद्यालय भेजना बंद कर दिया था। इससे सोमवार से विद्यालय में पठन-पाठन पूरी तरह ठप था। शिक्षक प्रतिदिन विद्यालय पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे थे।