मुंगेर: घर के बरामदे में सो रहे युवक की हथौड़े से पीटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
मुंगेर के हवेली खड़गपुर में घर के बरामदे में सो रहे 24 वर्षीय नीतीश कुमार की हथौड़े से पीटकर हत्या कर दी गई। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया; पुलिस ...और पढ़ें

एआई जेनेरटेड तस्वीर
HighLights
हवेली खड़गपुर में युवक नीतीश कुमार की हत्या।
बरामदे में सो रहे युवक पर हथौड़े से हमला।
इलाज के दौरान मुंगेर में युवक ने दम तोड़ा।
संवाद सूत्र, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के मधुबन दरियापुर गांव स्थित बिंद टोला में घर के बरामदे में सोए नीतीश कुमार (24) को हथौड़ा से पीट कर जख्मी कर दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना की वजह का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाई रौशन कुमार ने बताया कि गांव में आयोजित यज्ञ में नीतीश कुमार ने नाश्ते की दुकान लगा रखी थी। सोमवार की देर रात दुकान बंद करने के बाद वह घर लौटा और बरामदे में अकेले सो गया। मंगलवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे स्वजन की नजर उस पर पड़ी तो उसके सिर से काफी खून बह रहा था।
मुंगेर में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
यह देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में स्वजन उसे इलाज के लिए खड़गपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मुंगेर रेफर कर दिया। मुंगेर में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही खड़गपुर थाने की पुलिस पहुंची और स्वजन से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। शुरुआती जांच में युवक पर हथौड़े से हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा हैं।
खबरें और भी
अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया
इधर, प्रभारी थानाध्यक्ष शिवम स्वराज ने बताया कि इलाज के दौरान जख्मी युवक की मौत की सूचना मिली है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। स्वजन की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए भाई मनीष कुमार को थाना बुलाया है।
पुलिस का कहना है कि मनीष कुमार मानसिक रूप से बीमार है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।