Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंगेर में निगम कर्मियों की हड़ताल शुरू, 45 वार्डों की सफाई व्यवस्था पर संकट

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 03:14 PM (IST)

    मुंगेर में बिहार स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर नगर निगम कर्मियों की हड़ताल शुरू हो गई है, जिससे 45 वार्डों की सफाई व्यवस्था पर संकट गहरा ...और पढ़ें

    मुंगेर नगर निगम कर्मियों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था ठप, 70 टन कचरा उठाने पर संकट

    मुंगेर नगर निगम कर्मियों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था ठप, 70 टन कचरा उठाने पर संकट

    HighLights

    1. मुंगेर नगर निगम कर्मियों की हड़ताल गुरुवार से शुरू।

    2. 45 वार्डों की सफाई व्यवस्था पर गंभीर संकट।

    3. लंबित मांगों पर ठोस निर्णय न होने तक आंदोलन जारी।

    संवाद सूत्र, मुंगेर। बिहार स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के संयुक्त संघर्ष मोर्चा के राज्यव्यापी आह्वान पर गुरुवार से नगर निगम कर्मियों की हड़ताल शुरू हो गई। पहले ही दिन स्थायी, संवेदक और एनजीओ कर्मियों ने कामकाज से दूरी बनाकर विरोध प्रदर्शन किया।

    हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। गुरुवार सुबह से यूनियन के महासचिव ब्रह्मदेव महतो के नेतृत्व में कर्मचारी नगर निगम कार्यालय और कस्तूरबा वाटर वर्क्स परिसर के समीप जुटे रहे।

    प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। यूनियन नेताओं के अनुसार, हड़ताल में करीब 200 स्थायी कर्मचारी, 300 संवेदक कर्मी और लगभग 480 एनजीओ कर्मियों ने भाग लिया।

    कर्मचारियों ने कहा कि कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

    रोज निकलता है 70 टन कचरा

    नगर निगम क्षेत्र के 45 वार्डों से प्रतिदिन लगभग 70 टन कचरा निकलता है, जिसे चुरंबा स्थित डंपिंग कंपोजिट स्थल तक पहुंचाया जाता है। हड़ताल लंबी खिंचने पर कचरा उठाव और सफाई व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है।

    बाजारों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इस बीच नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता की पहल पर निगम कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।

    कर्मचारियों की नियमित स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई है। हालांकि, हड़ताली कर्मियों का कहना है कि स्वास्थ्य शिविर स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन उनकी मूल मांगों का समाधान किए बिना आंदोलन समाप्त नहीं होगा।

    खबरें और भी