बंदूक की नोक पर 8 बदमाशों ने ई-रिक्शा से दुल्हन को उठाया, पति को भी जमकर पीटा, भागलपुर से मुंगेर घूमने आए थे नवदंपती
मुंगेर में शादी के महज 21 दिन बाद एक नवविवाहिता का आठ हथियारबंद बदमाशों ने ई-रिक्शा से अपहरण कर लिया। बदमाशों ने पति और परिजनों की बेरहमी से पिटाई भी ...और पढ़ें
HighLights
शादी के 21 दिन बाद नवविवाहिता का अपहरण।
आठ हथियारबंद बदमाशों ने पति-परिजनों को बेरहमी से पीटा।
मुंगेर में ई-रिक्शा से हुई वारदात, इलाके में दहशत।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। शादी के महज 21 दिन बाद एक नवविवाहिता के कथित अपहरण से मुंगेर-जमालपुर मुख्य मार्ग पर अचानक सनसनी फैल गई।
पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी
सफियासराय से आगे जमालपुर दौलतपुर पेट्रोल पंप के पास सोमवार की रात तीन बाइक पर सवार आठ हथियारबंद बदमाशों ने एक ई-रिक्शा को चारों तरफ से घेर लिया।
परिजनों की बेरहमी से पिटाई
बदमाशों ने ई-रिक्शा में सवार पीड़ित पति और उनके स्वजनों की बेरहमी से पिटाई कर दी और 20 वर्षीय अर्चना कुमारी को हथियार के बल पर जबरन अपने साथ लेकर फरार हो गए।
-1784566997849.jpg)
वारदात से इलाके में दहशत
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पीड़ित पति आनंद कुमार (निवासी सुल्तानगंज, भागलपुर) ने बताया कि 29 जून को उनकी शादी खड़गपुर निवासी अर्चना कुमारी से हुई थी।
घूमने आए थे मुंगेर शहर
सोमवार को वह अपनी पत्नी, बहन, बहनोई और भांजे के साथ मुंगेर स्थित मछली तालाब घूमने आए थे। देर शाम सभी ई-रिक्शा में सवार होकर जमालपुर स्टेशन की ओर लौट रहे थे।
तीन बाइक से किया पीछा
पति ने बताया कि नौलखा-सफियाबाद मार्ग पर ही तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आठ अज्ञात लोग उनका लगातार पीछा कर रहे थे, जिससे वे लोग काफी आशंकित थे।
-1784567543043.jpg)
हथियार लहराकर किया हमला
पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही बदमाशों ने ई-रिक्शा को अचानक घेरकर रोक लिया और हथियार लहराते हुए सभी सवारों पर जानलेवा हमला बोल दिया।
बीच-बचाव में बहन-बहनोई पिटे
आनंद कुमार ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने पहले उनके साथ जमकर मारपीट की। जब उनकी बहन, बहनोई और भांजे ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन्हें भी बुरी तरह पीटा।
जमालपुर की तरफ भागे बदमाश
इसके बाद बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर अर्चना कुमारी को जबरन ई-रिक्शा से उतारा और जमालपुर की दिशा में तेज रफ्तार से फरार हो गए।
-1784567647837.jpg)
मायके पक्ष पर जताया संदेह
पीड़ित पति ने पुलिस के समक्ष आशंका जताई कि इस पूरे घटनाक्रम और वारदात में उनकी पत्नी के मायके क्षेत्र से जुड़े कुछ असामाजिक तत्व शामिल हो सकते हैं।
थानों के चक्कर में उलझी जांच
घटना के बाद पीड़ित परिवार तुरंत जमालपुर थाने पहुंचा, लेकिन जांच के दौरान घटनास्थल कासिम बाजार अथवा सफियासराय थाना क्षेत्र के सीमांत में होने की बात सामने आई, जिससे कागजी प्रक्रिया में समय लगा।
परिजनों ने की जल्द बरामदगी मांग
इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरा परिवार बेहद भय और सदमे में है। पीड़ित परिजनों ने पुलिस प्रशासन से नवविवाहिता की सकुशल बरामदगी और सभी बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
"जिस थाना क्षेत्र में घटना हुई है, उसी थाने में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। तीनों थानों की पुलिस से बात की जा रही है और पीड़ित पति से भी जानकारी ली जाएगी। यदि घटनास्थल जमालपुर थाना क्षेत्र का निकलता है, तो जमालपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर नवविवाहिता की सकुशल बरामदगी कराई जाएगी। किसी भी सूरत में बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा, मामले की गहन जांच जारी है।"
सैयद इमरान मसूद, एसपी, मुंगेर