अगरतला-देवघर एक्सप्रेस से 3.144 KG गांजा बरामद, मुंगेर का तस्कर बाबर गिरफ्तार
मुंगेर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी ने अगरतला-देवघर एक्सप्रेस से 3.144 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर मु. बाबर को गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

अगरतला-देवघर एक्सप्रेस से 3.144 KG गांजा बरामद, मुंगेर का तस्कर बाबर गिरफ्तार
HighLights
मुंगेर रेलवे स्टेशन पर 3.144 किलोग्राम गांजा बरामद।
अगरतला-देवघर एक्सप्रेस से तस्कर मु. बाबर गिरफ्तार।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सीआईबी जमालपुर ने मुंगेर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.144 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 1.57 लाख रुपये बताया गया है। आरोपित को जब्त मादक पदार्थ के साथ जीआरपी जमालपुर के हवाले कर दिया गया, जहां एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार तस्कर वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा निवासी मु. बाबर है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, सीआईबी को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 15626 अगरतला-देवघर एक्सप्रेस से गांजे की खेप मुंगेर लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही सहायक सुरक्षा आयुक्त हीरा प्रसाद सिंह के निर्देश पर निरीक्षक सुधांशु कुमार सुधा के नेतृत्व में आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने मुंगेर स्टेशन पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
सोमवार की सुबह करीब 7:40 बजे ट्रेन के प्लेटफार्म संख्या-1 पर पहुंचते ही एक युवक आखिरी जनरल कोच से उतरकर गलत दिशा से तेजी से भागने लगा।
उसकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर जवानों ने पीछा किया और प्लेटफॉर्म संख्या-2 के जमालपुर छोर स्थित शेड के पास उसे दबोच लिया। पूछताछ में पहले उसने पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन बाद में बैग में गांजा होने की बात स्वीकार कर ली।
दो पैकेट में मिला 3.144 किलो गांजा
राजपत्रित पदाधिकारी हीरा प्रसाद सिंह की मौजूदगी में एनडीपीएस अधिनियम के प्राविधान का पालन करते हुए बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में भूरे टेप से लिपटे दो पैकेट मिले, जिनका वजन क्रमशः 1.577 और 1.567 किलोग्राम था। कुल 3.144 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
आरोपी इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरपीएफ ने जब्त गांजा, आरोपी और सभी आवश्यक कागजात जीआरपी जमालपुर को सौंप दिए। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।