Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंगेर : थाने से गायब हुआ गिट्टी लदा जब्त 18 चक्का ट्रक; 11 लाख का था जुर्माना, 1 माह बाद भी FIR नहीं, एक फोटो ने खोला राज

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 06:35 PM (IST)

    मुंगेर के मुफ्फसिल थाना परिसर से अवैध गिट्टी लदा जब्त 18 चक्का ट्रक रहस्यमय ढंग से गायब हो गया है। एक माह बाद भी न तो ट्रक बरामद हुआ है और न ही FIR दर ...और पढ़ें

    3 जुलाई को खान निरीक्षक ने तेलिया तालाब से जब्त कर थाने को सौंपा था ट्रक; 11.18 लाख का लगा था जुर्माना

    3 जुलाई को खान निरीक्षक ने तेलिया तालाब से जब्त कर थाने को सौंपा था ट्रक; 11.18 लाख का लगा था जुर्माना

    HighLights

    1. मुंगेर थाने से जब्त 18 चक्का गिट्टी ट्रक गायब।

    2. एक माह बाद भी ट्रक बरामद नहीं, FIR दर्ज नहीं।

    3. पुलिस और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल।

    संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुंगेर जिले के मुफ्फसिल थाना परिसर से अवैध गिट्टी लदा जब्त अठारह चक्का ट्रक रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से ही पुलिस प्रशासन और खनन विभाग में हड़कंप मच गया है।

    हैरानी की बात यह है कि घटना को करीब एक महीना बीत जाने के बावजूद न तो ट्रक की बरामदगी हो सकी है और न ही अब तक इस मामले में कोई प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। मामला अब खनन टास्क फोर्स की बैठक से लेकर जिला के वरीय अधिकारियों की टेबल तक पहुंच चुका है।

    3 जुलाई को हुआ था जब्त

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को तत्कालीन खान निरीक्षक मो. अरमान ने तेलिया तालाब के समीप सघन चेकिंग के दौरान बिना चालान के गिट्टी ले जा रहे 18 चक्का ट्रक (संख्या: BR10GD 5005) को जब्त किया था। जब्ती के बाद ट्रक को मुफ्फसिल थाना पुलिस के सुपुर्द कर उस पर 11 लाख 18 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया था।

    हफ्ते भर बाद खुला गायब होने का राज

    घटना के एक सप्ताह बाद जब खनन विभाग की टीम एक अन्य अवैध ट्रक को जब्त कर थाने पहुंची, तब पहले से खड़ा ट्रक गायब मिला। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के होश उड़ गए और उन्होंने मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।

    खबरें और भी

    एक्सक्लूसिव फोटो ने खोली पोल

    दैनिक जागरण के पास 3 जुलाई की वह तस्वीर मौजूद है, जिसमें तत्कालीन खान निरीक्षक जब्त ट्रक के साथ मुफ्फसिल थाना परिसर स्थित एफएसएल (FSL) कार्यालय के समीप खड़े दिख रहे हैं। जहां आमतौर पर जब्त वाहन रखे जाते हैं।

    थानाध्यक्ष और SDPO की सफाई

    • थानाध्यक्ष का दावा: मुफ्फसिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा कि ट्रक थाना परिसर से नहीं गायब हुआ है। खनन विभाग के लोग उसे बाहर सड़क किनारे छोड़ गए थे, जहां से चालक उसे लेकर भाग गया। उन्होंने कहा कि लिखित शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

  • SDPO की पुष्टि: एसडीपीओ कुमार अभिषेक ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामला बेहद गंभीर है और पुलिस अपने स्तर से छानबीन कर रही है।

  • जब्त वाहन के गायब होने और एक महीने तक FIR न दर्ज होने की लापरवाही ने पुलिस और खनन विभाग दोनों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    मुफ्फसिल थाना परिसर से गिट्टी लदा ट्रक चोरी होने की जानकारी उन्हें आज ही आप लोगों के माध्यम से मिली है। थाना परिसर से गिट्टी लदा ट्रक गायब होना गंभीर लापरवाही है और यह जांच का विषय है। इस मामले की इन्क्वायरी करा कर लापरवाही सुनिश्चित करते हुए लापरवाह पुलिस अधिकारी के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच के लिये शुक्रवार की शाम सदर एसडीपीओ, मुफ्फसिल के सर्किल इंस्पैक्टर और मुफ्फसिल थानाध्यक्ष को बुलाया गया है।जांच में लापरवाही सुनिश्चित करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 

    -

    सैयद इमरान मसूद, एसपी, मुंगेर