श्रावणी मेला 2026: मुंगेर में कांवड़िया पथ पर महंगी हुई जमीन, ₹1.5 लाख तक पहुंचा किराया
मुंगेर में श्रावणी मेला के दौरान कांवरिया पथ पर व्यावसायिक गतिविधियां तेज हो गई हैं, जहां जमीन का किराया स्थान के अनुसार 25 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक ...और पढ़ें
-1783884312920_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
कांवरिया पथ पर व्यावसायिक गतिविधियां तेज हुई हैं।
जमीन का किराया 25 हजार से डेढ़ लाख तक।
इस वर्ष भू-स्वामियों ने किराया बढ़ाया है।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। श्रावणी मेला को लेकर जिले में 26 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ पर व्यावसायिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं।
हर वर्ष कांवरिया पथ पर छोटा-बड़ा मिलाकर करीब ढाई हजार दुकानें और स्टाल लगाए जाते हैं। इसे लेकर दुकानदारों ने अभी से जमीन की तलाश शुरू कर दी है।
हालांकि, इस बार दुकानदारों को जमीन के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है। कांवरिया पथ पर जमीन का किराया स्थान के अनुसार तय होता है।
जहां शाम के समय बड़ी संख्या में कांवरिया रात्रि विश्राम करते हैं, वहां जमीन की कीमत सबसे अधिक है। दुकानदार फीट और कट्ठा के हिसाब से जमीन किराये पर लेते हैं।
असरगंज प्रखंड के छह किलोमीटर क्षेत्र में अधिकतर जमीन कट्ठा के हिसाब से किराये पर दी जाती है। यहां कुछ स्थानों पर पांच कट्ठा जमीन का किराया डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच गया है, जबकि कई जगहों पर यही किराया 25 हजार रुपये है।
तारापुर प्रखंड के आठ किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ में धोबई टेंट सिटी, छतहार मोड़, बिहमा और गोगाचक धर्मशाला के आसपास जमीन की मांग सबसे अधिक है।
100 फीट जमीन का किराया डेढ़ लाख
इन क्षेत्रों में 100 फीट जमीन का किराया डेढ़ लाख रुपये तक तय किया जा रहा है। वहीं, प्रखंड के अन्य हिस्सों में यह किराया 40 से 50 हजार रुपये के बीच है।
इधर, संग्रामपुर प्रखंड के 12 किलोमीटर क्षेत्र में भू-स्वामियों ने पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 50 रुपये प्रति वर्ग फीट की बढ़ोतरी कर दी है। यहां जमीन का किराया 150 से 200 रुपये प्रति वर्ग फीट है।
फिलहाल कुछ स्थानों पर खानपान की दुकानों के लिए जमीन बुक की गई है। आने वाले दिनों में कारोबारी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- देवघर श्रावणी मेला 2026: एनएसजी ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर की सुरक्षा का जायजा लिया
यह भी पढ़ें- भागलपुर से रांची के लिए चलेंगी 2 श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें, अब रविवार को भी दौड़ेगी इंटरसिटी; शेड्यूल जारी