Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंगेर में बनेगा मॉडल वेंडिंग जोन: फुटपाथ दुकानदारों को धूप-बारिश से मिलेगी राहत, लॉटरी से होगा दुकानों का आवंटन

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 07:05 AM (IST)

    महापौर कुमकुम देवी ने मुंगेर के सूझी घाट पर प्रस्तावित मॉडल वेंडिंग जोन का नक्शा और डीपीआर सार्वजनिक किया, जिसमें 45 लाख की लागत से 80 दुकानें बनेंगी। ...और पढ़ें

    AI Generated Image

    AI Generated Image

    HighLights

    1. सूझी घाट पर 45 लाख का मॉडल वेंडिंग जोन।

    2. 80 दुकानों के लिए नक्शा और डीपीआर तैयार।

    3. फुटपाथ विक्रेताओं को मिलेगा व्यवस्थित और स्थायी स्थान।

    संवाद सूत्र, मुंगेर। नगर निगम क्षेत्र के सूझी घाट में फल एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए प्रस्तावित मॉडल वेंडिंग जोन का सपना अब जमीन पर उतरने की ओर बढ़ गया है। महापौर कुमकुम देवी ने शुक्रवार को वेंडिंग जोन का तैयार नक्शा और डीपीआर सार्वजनिक करते हुए कहा कि इसी डिजाइन के अनुरूप जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

    करीब 45 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस मॉडल वेंडिंग जोन में 80 दुकानों का प्रावधान किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण एजेंसी का चयन कर काम शुरू कर दिया जाएगा।

    महापौर ने बताया कि शहर की मुख्य सड़कों और फुटपाथों पर वर्षों से दुकान लगाने वाले फल एवं सब्जी विक्रेताओं को इस वेंडिंग जोन में व्यवस्थित स्थान मिलेगा। नक्शे के अनुसार प्रत्येक दुकान के लिए पक्का चबूतरा बनाया जाएगा जिसके ऊपर टीन शेड लगाया जाएगा ताकि दुकानदारों को धूप और बारिश से राहत मिल सके।

    ग्राहकों की सुविधा के लिए दुकानों के सामने 10 फीट चौड़ा कॉरिडोर बनाया जाएगा जिससे खरीदारी के दौरान भीड़भाड़ नहीं होगी। योजना में पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम जैसी मूलभूत सुविधाएं भी शामिल की गई हैं।

    महापौर कुमकुम देवी ने कहा कि नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, कार्यपालक अभियंता तथा निगम की पूरी टीम ने बेहद कम समय में स्थल चयन, नक्शा और डीपीआर तैयार कर योजना को गति दी है। अधिकारियों की सक्रियता के कारण अब यह महत्वाकांक्षी परियोजना जल्द धरातल पर उतरने जा रही है।

    उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद दुकानों का आवंटन पूरी पारदर्शिता के साथ लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा। प्राथमिकता उन फुटपाथ विक्रेताओं को मिलेगी जो वर्षों से शहर में अपनी जीविका चला रहे हैं।

    महापौर ने विश्वास जताया कि मॉडल वेंडिंग जोन बनने से फुटपाथों पर अतिक्रमण कम होगा यातायात व्यवस्था सुधरेगी और शहर को जाम की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना 'स्वच्छ मुंगेर, सुंदर मुंगेर' अभियान को नई मजबूती देगी।

    खबरें और भी

    सूझी घाट में निगम की उपलब्ध भूमि को देखते हुए इस स्थान का चयन किया गया है। उन्होंने नागरिकों से भी शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की। निगम का लक्ष्य है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद लगभग तीन माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा हो जाए।

    यह भी पढ़ें- 57.44 करोड़ के डुमरांव आरओबी पर ब्रेक; रेलवे-वन विभाग की खींचतान से काम ठप

    यह भी पढ़ें- बांका में शिक्षकों का असमान बंटवारा: झारखंड सीमा पर बहार, पहाड़ी इलाकों में सिर्फ एक-दो गुरुजी के जिम्मे स्कूल