Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंगेर में हैरान करने वाला मामला, शिक्षक ने 11वीं के प्रश्न पत्र कूड़े में फेंके, हुई बड़ी कार्रवाई

    Updated: Sat, 14 Mar 2026 09:40 PM (IST)

    मुंगेर में एक शिक्षक ने 11वीं की वार्षिक परीक्षा के गोपनीय प्रश्न पत्र कूड़े में फेंक दिए, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। उत्क्रमित उच्च विद्या ...और पढ़ें

    DEO OFFICE MUNGER (मुंगेर के शिक्षक का गजब कारनामा, 11वीं के प्रश्न पत्र कूड़े में फेंके; हुए निलंबित)

    DEO OFFICE MUNGER (मुंगेर के शिक्षक का गजब कारनामा, 11वीं के प्रश्न पत्र कूड़े में फेंके; हुए निलंबित)

    जागरण संवाददाता, मुंगेर। जिले में शनिवार को शिक्षा विभाग से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। उत्क्रमित उच्च विद्यालय हरिणमार विशनपुर के एक शिक्षक द्वारा 11वीं की वार्षिक परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री को कूड़े के ढेर में फेंक देने की घटना ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

    जानकारी के अनुसार, जिले में 16 मार्च से 24 मार्च के बीच 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा आयोजित की जानी है। इसके लिए संबंधित विद्यालयों को परीक्षा सामग्री उपलब्ध कराई गई थी। नियमानुसार परीक्षा शुरू होने से पहले गोपनीय सामग्री सुरक्षित तरीके से विद्यालयों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी।

    डीईओ कार्यालय से ली थी गोपनीय सामग्री

    बताया गया कि उत्क्रमित उच्च विद्यालय हरिणमार विशनपुर के प्रधानाध्यापक ने विद्यालय के उच्च माध्यमिक शिक्षक मु. फरहान ताबिश को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय से परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री प्राप्त करने के लिए अधिकृत किया था। इसके बाद शनिवार को शिक्षक ने डीईओ कार्यालय से 11वीं वार्षिक परीक्षा से जुड़े प्रश्न पत्र सहित अन्य सामग्री प्राप्त की।

    आरोप है कि सामग्री लेने के बाद शिक्षक ने लापरवाही बरती और गोपनीय प्रश्न पत्र को कूड़े के ढेर में फेंक दिया। बाद में यह प्रश्न पत्र कूड़े में पड़ा हुआ मिला, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।

    पुलिस ने सुरक्षित रखी परीक्षा सामग्री

    कूड़े के ढेर में प्रश्न पत्र मिलने की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष ने प्रश्न पत्र को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित थाने में रखवा दिया और इसकी जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय तथा संबंधित विद्यालय को दी। इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

    खबरें और भी

    शिक्षक को किया गया निलंबित

    मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) आनंद वर्मा ने शिक्षक मु. फरहान ताबिश को निलंबित कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि शिक्षक का यह कृत्य परीक्षा की गरिमा को धूमिल करने वाला है। साथ ही यह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और विभाग के साथ धोखाधड़ी के समान गंभीर तथा दंडनीय अपराध है।

    आदेश में यह भी कहा गया है कि प्रश्न पत्र की गोपनीयता भंग होने की प्रबल संभावना को देखते हुए शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय कार्यवाही के अधीन किया गया है।

    धरहरा बीईओ कार्यालय बनाया गया मुख्यालय

    निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक मु. फरहान ताबिश का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) धरहरा का कार्यालय निर्धारित किया गया है। इसके अलावा उनके विरुद्ध अलग से आरोप पत्र भी जारी किया जाएगा। शिक्षा विभाग का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।