मुंगेर में ग्रामीणों का एक्शन : 5 चोरों को रंगेहाथ दबोचा, दिल्ली पुलिस के जवान की पिस्टल चोरी का खुला राज
मुंगेर के चुरंबा गांव में ग्रामीणों ने चोरी करते पांच शातिर अपराधियों को रंगेहाथ पकड़ा और पुलिस के हवाले किया। पूछताछ में एक आरोपी ने दिल्ली पुलिसकर्म ...और पढ़ें

मुंगेर में 5 लाख की चोरी करने वाले 5 अपराधी गिरफ्तार, गहने बेचकर जुए में उड़ाए डेढ़ लाख रुपये
HighLights
चुरंबा गांव में ग्रामीणों ने पांच चोरों को दबोचा।
एक चोर ने दिल्ली पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल चुराई थी।
चोरी का माल खरीदने वाले सरगना अशोक स्वर्णकार की तलाश।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चुरंबा गांव में पिछले पांच दिनों से मचे आतंक का अंत ग्रामीणों ने खुद मैदान में उतरकर कर दिया है। लगातार हो रही चोरियों से दहशत में जी रहे ग्रामीणों ने बुधवार तड़के सुबह करीब चार बजे चोरी की नीयत से घुसे पांच शातिर अपराधियों को चारों तरफ से घेराबंदी कर रंगेहाथ दबोच लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने सभी को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पूछताछ में अपराधियों ने इलाके में हुई कई बड़ी वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
90 हजार रुपये नकद सहित पूरा माल जुए में हारे
चुरंबा निवासी पीड़ित मु. चांद ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले अपराधियों ने उनके घर की अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के पुश्तैनी गहने और 45 हजार रुपये नकद उड़ा लिए थे। पकड़े गए आरोपियों (मु. रेहान, मु. सन्नी, मु. रिंकू, मु. हामिद और मु. नन्हे) ने कबूला कि उन्होंने वह चोरी किया गया माल पूरबसराय के कुख्यात स्वर्ण व्यवसायी अशोक स्वर्णकार को मात्र डेढ़ लाख में बेच दिया था। हैरान करने वाली बात यह है कि इन पांचों अपराधियों ने चोरी के गहने बेचकर मिली पूरी रकम को महज चंद घंटों के भीतर जुए के अड्डे पर सट्टा लगाकर पूरी तरह गंवा दिया।
सो रहे पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल उड़ाई थी
पुलिस की गहन जांच में सामने आया कि पकड़े गए आरोपियों में से एक शातिर अपराधी मु. नन्हे का आपराधिक इतिहास सीधा देश की राजधानी दिल्ली से जुड़ा हुआ है। नन्हे पर दिल्ली में ड्यूटी के दौरान सो रहे एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल चोरी करने का बेहद संगीन मामला दर्ज है, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने मुंगेर आकर उसे दबोचा था। वहीं चोरी का माल खरीदने वाले सरगना अशोक स्वर्णकार पर भी कई राज्यों और रेलवे थानों में लूट व चोरी के गहने खरीदने के दर्जनों आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
सरगना अशोक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू
वासुदेवपुर के थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस अब अपराधियों की निशानदेही पर चोरी किए गए कीमती गहनों की बरामदगी और इस अंतरराज्यीय गिरोह के पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने में जुट गई है। इस बीच, ट्रेनों और घरों में होने वाली लूट का माल ठिकाने लगाने वाले मुख्य सरगना अशोक स्वर्णकार को दबोचने के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।