हत्या या आत्महत्या? मुंगेर में महिला की मौत का उलझा मामला; शव की तलाश कर रही पुलिस
मुंगेर के बरियारपुर में चांदनी देवी की संदिग्ध मौत का मामला उलझा। ट्रेन से कटकर आत्महत्या की सूचना, पर शव नहीं मिला; मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया ...और पढ़ें
-1785182527877_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
बरियारपुर में चांदनी देवी की संदिग्ध मौत का मामला।
ट्रेन से कटकर आत्महत्या की सूचना, पर शव गायब।
मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया।
संवाद सहयोगी, बरियारपुर (मुंगेर)। बरियारपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव की चांदनी देवी की संदेहास्पद हालत में मृत्यु हो गई।
घटना के बाद शव नहीं मिलने से मामला उलझ गया है। एक ओर शुरुआती जानकारी में ट्रेन से कटकर आत्महत्या की बात सामने आ रही है, वहीं मायके पक्ष ने पति और उसके स्वजन पर हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है।
पुलिस रेलवे ट्रैक से लेकर गंगा और दियारा क्षेत्र तक शव की तलाश में जुटी रही। बताया जाता है कि रविवार रात पति निक्की कुमार मंडल से विवाद के बाद चांदनी देवी घर से निकल गई।
इसके बाद गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदने की सूचना मिली। हालांकि, घटनास्थल से शव बरामद नहीं हुआ। लेकिन, पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास चांदनी का चप्पल और खून के निशान मिले हैं।
घटना की सूचना पर मां मीना देवी और बहन सोनी देवी रघुनाथपुर पहुंचीं। उन्होंने बरियारपुर थाने की पुलिस से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि चांदनी की हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया गया है या गंगा में बहा दिया गया है।
बरियारपुर थानाध्यक्ष अमरेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन से कटकर मौत की सूचना मिली थी, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद शव नहीं मिला है।
पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। स्वजन की ओर से आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वहीं, घटना के बाद पति निक्की मंडल और परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।