श्रावणी मेला 2026: तारापुर में 26 किमी कांवर पथ पर सजेंगी टेंट सिटी और धर्मशालाएं, मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं
तारापुर अनुमंडल प्रशासन ने श्रावणी कांवर यात्रा के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसमें 26 किमी कांवर पथ पर टेंट सिटी, धर्मशाला और रेन शेल्टर की व्यवस् ...और पढ़ें

तारापुर में 26 किमी कांवर पथ पर सजेंगी टेंट सिटी और धर्मशालाएं
HighLights
तारापुर में 26 किमी कांवर पथ पर सुविधाएं।
टेंट सिटी, धर्मशाला, रेन शेल्टर की व्यवस्था।
निशुल्क ठहरने, चिकित्सा, शौचालय जैसी सुविधाएं।
संवाद सहयोगी,तारापुर (मुंगेर)। श्रावणी कांवर यात्रा को लेकर तारापुर अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। अनुमंडल के तीनों प्रखंडों से गुजरने वाले करीब 26 किलोमीटर कांवर पथ पर आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर सुविधा युक्त धर्मशाला, रेन शेल्टर और टेंट सिटी की व्यवस्था की जा रही है।
इस वर्ष निजी जमीन उपलब्ध होने पर असरगंज, तारापुर और संग्रामपुर में दो दो सौ बेड क्षमता वाली अतिरिक्त टेंट सिटी भी बनाई जाएगी।
सरकारी धर्मशाला में कांवरियों के ठहरने की सुविधा
तारापुर प्रखंड में गोगाचक धर्मशाला के अलावा लौढ़िया में रेन शेल्टर तथा धोबई में टेंट सिटी की व्यवस्था रहेगी। संग्रामपुर प्रखंड के खैरा, कुमरसार और मनिया मोड़ में सरकारी धर्मशाला व टेंट सिटी, जबकि कहुआ स्थित गणेश धर्मशाला में भी कांवरियों के ठहरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। असरगंज में निर्माणाधीन कैफेटेरिया के साथ टेंट सिटी की भी व्यवस्था की जाएगी।
सभी धर्मशालाओं में कांवरियों के लिए निशुल्क ठहरने, चिकित्सा, स्नानागार, शौचालय, बिजली और पंखे की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से घोषणा केंद्र भी संचालित होगा, जहां बिछड़े कांवरियों के लिए संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
धर्मशाला में मरम्मत एवं रंग-रोगन का कार्य पूरा
पर्यटन विभाग टेंट सिटी का निर्माण करा रहा है, जबकि धर्मशालाओं के रखरखाव और मरम्मत का कार्य भवन निर्माण विभाग करा रहा है। गोगाचक और मनिया मोड़ धर्मशाला में मरम्मत एवं रंग-रोगन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
खबरें और भी
हालांकि गोगाचक धर्मशाला के प्रथम तल के निर्माण की घोषणा के बावजूद अभी तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। फिलहाल भवन की छत पर टेंट लगाकर कांवरियों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी।
90 प्रतिशत कार्य पूरा
भवन निर्माण विभाग की कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि बिट्टू कुमार सिंह ने बताया कि करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी कांवरियों के आगमन से पहले पूरा कर लिया जाएगा।
अनुमंडल पदाधिकारी राकेश रंजन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र होने के कारण इस वर्ष तैयारियां समय से शुरू की गई हैं। कांवर यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर दी जाएंगी, जिससे पिछले वर्षों की तुलना में श्रद्धालुओं को अधिक बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।