12.31 करोड़ से बनेगा 1000 क्षमता वाला सेंट्रल एसी आम्रपाली ऑडिटोरियम, मुजफ्फरपुर में शिलान्यास
Jubba Sahni Park Botanical Garden Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर में 12.31 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 1000 सीटों वाले आधुनिक आम्रपाली ऑडिटोरियम का शिला ...और पढ़ें

महापौर निर्मला देवी ने बुधवार को वैदिक मंत्रोचार के बीच ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Amrapali Auditorium Foundation Stone: शहरवासियों को जल्द ही क्लब रोड मिठनपुरा में एक हजार दर्शकों की क्षमता वाले आधुनिक आम्रपाली ऑडिटोरियम की सौगात मिलने जा रही है।
महापौर निर्मला देवी ने बुधवार को वैदिक मंत्रोचार के बीच ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस पूरे प्रोजेक्ट के नवनिर्माण पर 12.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पुराने और जर्जर हो चुके ऑडिटोरियम को ध्वस्त कर उसी स्थान पर नया आधुनिक ढांचा खड़ा किया जा रहा है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी 'नवराईज लैंड स्केप प्राइवेट लिमिटेड' को सौंपी गई है, जिसे 18 महीने के भीतर काम पूरा करने का लक्ष्य मिला है। शिलान्यास समारोह में एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी, उप महापौर डॉ. मोनालिसा और नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह मौजूद रहे।
शिलान्यास के मौके पर महापौर ने कहा कि शहरवासियों की यह बहुप्रतीक्षित मांग आज साकार हो रही है। इस आधुनिक प्रेक्षागृह के बनने से स्थानीय कलाकारों, सामाजिक संस्थाओं और शैक्षणिक कार्यक्रमों को एक विश्वस्तरीय मंच मिल सकेगा। इससे मुजफ्फरपुर के सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को एक नई और तेज रफ्तार मिलेगी।
नया ऑडिटोरियम पूरी तरह से सेंट्रल एसी होगा और इसमें 50×40 फीट का एक विशाल मुख्य मंच बनाया जाएगा। परिसर में लाइन एरे साउंड सिस्टम, नियोडिमियम स्पीकर्स, डिजिटल सिग्नल प्रोसेसर और साउंड कंट्रोल एकास्टिक पैनल्स लगाए जाएंगे। इसके अलावा बड़े कार्यक्रमों के लिए एक अलग मीटिंग हॉल की व्यवस्था भी परिसर में रहेगी।
ऑडिटोरियम के शिलान्यास के तुरंत बाद महापौर ने नगर आयुक्त के साथ ऐतिहासिक जुब्बा सहनी पार्क का निरीक्षण किया। पार्क के अंदर खाली पड़ी जमीन पर बोटेनिकल गार्डन बनाने का निर्णय लिया गया है, जहां विलुप्त प्राय औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। महापौर ने अधिकारियों को बोटेनिकल गार्डन का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजने का निर्देश दिया।