Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar News : 31 जुलाई तक बनवा लें अपार आईडी, नहीं तो रुक जाएगा बोर्ड परीक्षा का पंजीयन

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 08:59 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर में छात्रों के नामांकन और परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पैन नंबर और अपार आईडी अनिवार्य कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर 27 स ...और पढ़ें

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, शिक्षा विभाग और सीबीएसई की ओर से पैन नंबर के बिना नामांकन एवं परीक्षा फॉर्म भरने पर रोक लगाए जाने के बाद जिले में अपार आइडी निर्माण का अभियान तेज कर दिया गया है।

    जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर अब 27 से 31 जुलाई तक जिला स्कूल परिसर में सरकारी और निजी विद्यालयों के लिए संयुक्त विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां अपार आइडी और पैन नंबर से संबंधित सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

    शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी तथा मान्यता प्राप्त एवं यू-डाइस कोड प्राप्त निजी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे 31 जुलाई तक प्रत्येक छात्र-छात्रा का अपार आईडी निर्माण हर हाल में पूरा करें।

    इसके लिए विद्यालयों को आवश्यक दस्तावेज जुटाकर समयबद्ध तरीके से प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है। बगैर अपार के बोर्ड व इंटर के छात्रों का पंजीयन नहीं होगा।

    अभिभावकों से तत्काल विद्यालय पहुंचने की अपील

    विभाग ने कहा कि सरकारी और निजी विद्यालय में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को पैन नंबर और अपार आइडी बनेंगे। विभाग का कहना है कि भविष्य में नामांकन, परीक्षा और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं के लिए यह अनिवार्य होगा।

    शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कहा कि जिन निजी विद्यालयों के पास मान्यता या यू-डाइस कोड नहीं है, वहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों का पेन नंबर और अपार आईडी नहीं बन पाएगा।

    ऐसे विद्यार्थियों को भविष्य में सरकारी विद्यालय में नामांकन, जवाहर नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल सहित विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं और अन्य शैक्षणिक फॉर्म भरने में कठिनाई हो सकती है। विभाग ने ऐसे अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन यू-डाइस कोड वाले विद्यालय में कराने को कहा है।

    खबरें और भी

    पहले चरण में 12,550 विद्यार्थियों का हुआ अपार निर्माण

    20 से 25 जुलाई तक जिला स्कूल परिसर में आयोजित विशेष शिविर में जिले के करीब 750 निजी विद्यालयों में से 277 विद्यालयों ने भाग लिया। इस दौरान लगभग 12,550 विद्यार्थियों के अपार आइडी निर्माण के लिए आवेदन प्राप्त हुए।

    वहीं 27 से 31 जुलाई तक लगने वाले शिविर में नए अपार आइडी बनाने के साथ-साथ पैन नंबर, अपार पोर्टल और यू-डाइस पोर्टल से जुड़ी त्रुटियों का भी समाधान किया जाएगा।

    विभाग ने सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि किसी भी तकनीकी या डाटा संबंधी समस्या होने पर बीआरसी कार्यालय या जिला शिक्षा कार्यालय से तत्काल संपर्क कर उसका समाधान कराए।