Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सेना के वाहन ले जा रही ट्रेन बिजली के तार से टकराई, सेना और RPF की सजगता से टला बड़ा हादसा; जांच शुरू

    By GOPAL TIWARIEdited By: Krishna Bahadur Singh Parihar
    Updated: Tue, 06 Jan 2026 12:36 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर ओवर ब्रिज पर असम से शाहजहांपुर जा रही सेना की ट्रेन पर लदा ट्रक ओवरहेड बिजली के तार से टकरा गया। टक्कर से ट्रक के तिरपाल में आग ...और पढ़ें

    रेस्क्यू में जुटी सेना और आरपीएफ की टीम। फोटो जागरण

    रेस्क्यू में जुटी सेना और आरपीएफ की टीम। फोटो जागरण

    HighLights

    1. सेना की ट्रेन बिजली के तार से टकराई।

    2. ट्रक के तिरपाल में लगी आग बुझाई गई।

    3. सेना और आरपीएफ ने बड़ा हादसा टाला।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर स्थित माड़ीपुर ओवरब्रिज के पास मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे असम के मिसामारी से यूपी के शाहजहांपुर जा रही सेना की विशेष ट्रेन पर लदा एक ट्रक ओवर हेड इक्यूप्मेंट (ओएचई) से सट गया। शार्ट सर्किट के साथ तेज चिंगारी निकली। इससे ट्रक के तिरपाल में आग लग गई और वहां अफरातफरी मच गई।

    सेना के जवानों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। वहीं ओएचई के टूटने से ब्रेकडाउन हो गया। इससे ट्रेन रुक गई। इसकी सूचना समस्तीपुर, सोनपुर कंट्रोल को मिली तो पूरे रेल महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की जांच कई स्तर पर शुरू हो गई है।

    समस्तीपुर रेलमंडल व पूर्व मध्य रेल के सेफ्टी विभाग के साथ जिन मंडलों से ट्रेन गुजरी वहां जांच शुरू हो गई है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया सेना की इस ओडीसी विशेष ट्रेन की जांच पूर्व मध्य रेल के सेफ्टी विभाग से लेकर उन सभी मंडलों में शुरू हो गई है, जहां-जहां से वह गुजरी।

    देखा जा रहा है कि ओएचई की ऊंचाई के साथ ओडीसी ट्रेन पर लदी गाड़ियों की कितनी ऊंचाई थी। यह भी कहा कि सभी रेल मंडलों में ओएचई की अलग-अलग ऊंचाई होती है। उन सभी चीजों पर जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा।

    खबरें और भी

    माड़ीपुर में की प्रारंभिक जांच

    घटना के बाद ट्रेन को प्रारंभिक जांच के लिए रोक दिया गया। इससे मोतिहारी, सीतामढ़ी रूट की अप व डाउन की दोनों लाइनें जाम होने से परिचालन ठप हो गया। वहीं हाजीपुर रूट के अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन जारी रहा। नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही 20504 डिब्रूगढ़-राजधानी एक्सप्रेस भी डाउन लाइन में फंस गई।

    इसके अलावा इस लाइन की कई ट्रेनें जहां-तहां रुकी रहीं। सेना की विशेष ट्रेन को करीब तीन घंटे तक जांच करने के बाद आगे जाने दिया गया। बाद में उक्त ट्रेन को कपरपुरा में रोका गया। वहां सुबह पौने आठ से लेकर देर रात तक सभी बोगियों और उस पर लदे ट्रकों की ऊंचाई का माप लेकर रवाना किया गया।

    30 बोगी की विशेष ट्रेन

    सेना की 30 बोगियों की टीओडी विशेष ट्रेन पर करीब दस कोचिंग डिब्बों में ट्रक और विभिन्न प्रकार की गाड़ियां लदी हुई थीं। अन्य कोच में अधिकारी व जवान सवार थे। मुजफ्फरपुर जंक्शन से ट्रेन के 15 कोच गुजर गए थे।

    इसके बाद के कोच में लदा ट्रक ओएचई के संपर्क में आ गया। इसके बाद तेज आवाज के साथ चिंगारी निकली।ट्रक के तिरपाल में आग लगने से एकबारगी किसी हादसे की आशंका हुई। सेना के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने किसी तरह आग पर काबू पाया।

    सूचना पर टीआरडी विभाग, कैरेज एंड वैगन के इंजीनियर, आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष कुमार, एरिया आफिसर रविशंकर महतो, यातायात निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह पहुंचे।

    आरपीएफ इंस्पेक्टर भी कुछ सिपाहियों के साथ आग बुझाने के लिए पहुंचे थे, मगर मौके पर मौजूद कर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया। ब्रेकडाउन के बीच डीजल इंजन लगाकर सवा नौ बजे ट्रेन को कपरपुरा स्टेशन भेजा गया। वहीं से गंतव्य की ओर रवाना किया गया