मुजफ्फरपुर में श्रावणी मेला 2026 का शुभारंभ, मंत्री बोले भोलेनाथ की आराधना देती है सकारात्मक जीवन की प्रेरणा
Muzaffarpur Shravani Mela: मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में वार्षिक श्रावणी मेले का उद्घाटन राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने किया। उन्ह ...और पढ़ें

बाबा गरीबनाथ श्रावणी मेले का उद्घाटन करते राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डा. दिलीप कुमार जायसवाल। फोटो: जागरण
HighLights
राजस्व मंत्री ने मुजफ्फरपुर में श्रावणी मेला 2026 का उद्घाटन किया।
मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
'शिवम् सुंदरम्' पत्रिका और मोबाइल ऐप का विमोचन हुआ।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Baba Garibnath Shravani Mela: मुजफ्फरपुर में श्रावणी मेला-2026 का शुभारंभ रविवार को डीएन हाई स्कूल परिसर में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री एवं जिला प्रभारी डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भोलेनाथ की आराधना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा भी है। उन्होंने सर्वधर्म समभाव और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
सद्भाव का संदेश
मंत्री डॉ. जायसवाल ने कहा कि समाज को भेदभाव, घृणा और वैमनस्य से ऊपर उठकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से मन के विकारों का त्याग कर भगवान शिव के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की। उनके अनुसार श्रावणी मेला आस्था के साथ सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।
गरीबनाथ कॉरिडोर का जिक्र
पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि पदभार संभालने के बाद उनकी पहली स्वीकृति बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर के निर्माण से जुड़ी थी। उन्होंने कहा कि बाबा गरीबनाथ सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी करते हैं और जनआस्था के इस केंद्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद ने भी भगवान शिव को दुखहरण करने वाला बताते हुए श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
व्यवस्थाओं की जानकारी
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, नियंत्रण कक्ष और अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित मेला अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
खबरें और भी
एप और पत्रिका का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से प्रकाशित 'शिवम् सुंदरम्' पत्रिका का विमोचन किया गया। साथ ही 'श्रावणी मेला-2026' मोबाइल एप भी लॉन्च किया गया। इस एप के माध्यम से श्रद्धालुओं को मेला से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां, सुविधाएं, संपर्क नंबर, मार्गदर्शन और अन्य उपयोगी सूचनाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी।
भक्तिमय हुई सांस्कृतिक संध्या
उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने भगवान शिव पर आधारित भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर शाम तक पूरा परिसर भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर रहा। कार्यक्रम में विधान पार्षद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।