बिहार में पढ़ाई के साथ कमाई का विकल्प लेकिन छात्रों को नहीं भा रहा एईडीपी कोर्स
बिहार में पढ़ाई के साथ कमाई का विकल्प देने वाला अप्रेंटिसशिप एंबेडेड डिग्री प्रोग्राम (AEDP) छात्रों को आकर्षित नहीं कर पा रहा है। देरी से शुरुआत, जाग ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI)
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कमाई का विकल्प प्रदान करने के लिए शुरू किया गया नया कोर्स अप्रेंटिसशिप एंबेडेड डिग्री प्रोग्राम यानी एईडीपी विद्यार्थियों को पसंद नहीं आ रहा है।
चार वर्षीय कोर्स में नामांकन के लिए शुरू हुई आनलाइन आवेदन प्रक्रिया के कई दिनों के बाद भी काफी कम संख्या में विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। आनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों में आधे से अधिक ने केवल आवेदन किया है शुल्क तक जमा नहीं किया है।
विस्तारित तिथि के अनुसार मंगलवार तक कोर्स में आनलाइन आवेदन होना है। कोर्स में अब तक 26 से अधिक विद्यार्थियों ने फाइनल आवेदन किया है। कुल 80 से अधिक आवेदन ही प्राप्त हुए हैं।
इसमें भी 54 से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन तो किया है लेकिन शुल्क जमा नहीं किया है। बताया जा रहा है कि देर से शुरू होने वाली नामांकन प्रक्रिया के साथ-साथ ही कोर्स के प्रति जागरूकता का कमी, कोर्स शुल्क अधिक होने के कारण विद्यार्थियों की दिलचस्पी कोर्स में नहीं है।
सेमेस्टर सिस्टम में संचालित होने वाले कुल आठ सेमेस्टर के इस कोर्स में नामांकित विद्यार्थियों को प्रति सेमेस्टर 12 हजार रुपये देने होंगे। कोर्स में विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के साथ - साथ वजीफा भी मिलना है।
उन्हें आठ से नौ हजार रुपये वजीफा के रूप में सीधे बैंक खाते में आएंगे। बीआरएबीयू समेत प्रदेश के तीन विश्वविद्यालयों में कोर्स का संचालन नए सत्र से की जा रही है।
इसमें एलएनटी कालेज मोतिहारी, आरएन कालेज हाजीपुर और आरएसएस साइंस कालेज सीतामढ़ी में कोर्स संचालन की अनुमति मिली है। सभी कोर्स में 60 - 60 सीटों का आवंटन किया गया है।
इन उद्येश्यों के साथ शुरू हुआ कोर्स
- नियोक्ताओं, उद्योग और कारपोरेट क्षेत्र की जरूरतों के अंतर को पूरा करने के लिए
- स्नातक छात्रों की रोजगार क्षमता में सुधार करना
- उच्च शिक्षा संस्थानों और नियोक्ताओं तथा उद्योगों के बीच सहयोग को सुगम बनाना
- कुशल स्नातक कार्यबल के विकास को सुगम बनाना
इन कोर्सों का हो रहा संचालन
आरएन कालेज हाजीपुर में बी काम विद मेजर इन बैकिंग फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस और बीकाम विद मेजर इन ई - कामर्स आपरेशंस, एलएनटी कालेज मोतिहारी में बीकाम विद मेजर इन रिटेल आपरेशंस, बीकाम विद मेजर इन बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस और बीए विद मेजर इन कंटेंट एंड क्रिएटिव राइटिंग, आरएसएस साइंस कालेज सीतामढ़ी में बी काम विद मेजर इन रिटेल आपरेशंस और बीकाम विद मेजर इन बैकिंग फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस का संचालन होना है।
- बीआरएबीयू के तीन कालेजों में इसी सत्र से कोर्स संचालन की अनुमति, आए 30 से कम आवेदन
- आज तक आनलाइन आवेदन की आखिरी तिथि, आठ सेमेस्टर के कोर्स का शुल्क 96 हजार
- विद्यार्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण के साथ-साथ ट्रेनिंग के बदले नौ हजार वजीफा तक की सुविधा