मुजफ्फरपुर में अंधविश्वास के चलते बुजुर्ग की हत्या, पत्नी को डायन बताने का किया था विरोध
Muzaffarpur Murder Case: मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में पत्नी को डायन कहने का विरोध करने पर एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर र ...और पढ़ें

इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, कुढ़नी (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Murder Case: जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र में अंधविश्वास से जुड़ी एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पत्नी को डायन बताने का विरोध करने पर एक बुजुर्ग की मारपीट में मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह फकुली थाना क्षेत्र के फतेहपुर कस्तूरी गांव की है।
दरवाजे पर पहुंचकर विवाद
जानकारी के अनुसार, गांव का एक युवक सुबह मो. हबीब (65) के दरवाजे पर पहुंचा और उनकी पत्नी को डायन कहकर अपमानित करने लगा। इस पर हबीब ने कड़ा विरोध किया और युवक को वहां से जाने को कहा।
साथियों के साथ लौटकर की मारपीट
परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद वही युवक चार-पांच साथियों के साथ दोबारा पहुंचा और गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, लेकिन इससे पहले ही आरोपितों ने बुजुर्ग को धक्का दे दिया।
सड़क पर गिरने से मौत
धक्का लगने से मो. हबीब सिर के बल सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपित फरार हो गए।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
मृतक ठेले पर भूजा बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी रही, हालांकि स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
खबरें और भी
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थानाध्यक्ष विष्णु पांडेय ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
गांव के कुछ लोग घर पहुंचकर महिला को डायन कहकर गाली-गलौच कर रहे थे। विरोध करने पर धक्का-मुक्की हुई, जिसमें बुजुर्ग सड़क पर गिर गए और उनकी मौत हो गई। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
एसी ज्ञानी, एसडीपीओ पश्चिमी-2