किशनगंज SHO के 5 ठिकानों पर छापेमारी, 1.70 करोड़ की काली कमाई का खुलासा
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने किशनगंज के नगर थाना प्रभारी अभिषेक रंजन के पांच ठिकानों पर छापेमारी की। उन ...और पढ़ें
-1776140987494_m.webp)
नगर थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) अभिषेक रंजन के ठिकानों पर छापा। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति के तहत आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। किशनगंज के नगर थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) अभिषेक रंजन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करते हुए ईओयू की टीम ने उनके पांच ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
प्राथमिक जांच में अधिकारी के पास वैध आय से 1 करोड़ 70 लाख 22 हजार रुपये (लगभग 128 प्रतिशत) अधिक की संपत्ति होने का प्रमाण मिला है।
पटना, किशनगंज और छपरा में मची खलबली
ईओयू की विशेष टीम ने मंगलवार सुबह एक साथ पटना, छपरा और किशनगंज स्थित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। किशनगंज में उनके सरकारी आवास और कार्यालय (चेंबर) में तलाशी ली गई।
गौरतलब है कि नगर थाना प्रभारी का आवास थाने से मात्र 50 मीटर की दूरी पर स्थित है, जहां ईओयू की 6 सदस्यीय टीम तीन वाहनों से पहुंची। इसमें महिला अधिकारी भी शामिल रहीं। इसके अलावा पटना के रामकृष्ण नगर स्थित उनके आवास और छपरा स्थित पैतृक घर पर भी टीम ने दस्तावेजों को खंगाला।
मुजफ्फरपुर पोस्टिंग के दौरान बनाई अचल संपत्ति
जांच में यह बात सामने आई है कि अभिषेक रंजन ने मुजफ्फरपुर के विभिन्न थानों में तैनाती के दौरान भारी मात्रा में अचल संपत्ति अर्जित की थी। वर्ष 2009 में अहियापुर थाना में ट्रेनी दरोगा के रूप में करियर शुरू करने वाले रंजन सिवाइपट्टी, ब्रह्मपुरा, बोचहां और मोतीपुर के थानाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
ईओयू के अधिकारियों के अनुसार, इन पदों पर रहते हुए उन्होंने पद का दुरुपयोग कर अवैध कमाई की, जिसे अब उजागर किया जा रहा है। इस छापेमारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
ईओयू की टीम अभी भी निवेश और संपत्तियों से जुड़े अन्य दस्तावेजों का मिलान कर रही है, जिससे इस राशि में और इजाफा होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- बिहार में बड़ा एक्शन: किशनगंज में SDPO के बाद अब इंस्पेक्टर पर कसा शिकंजा, 5 ठिकानों पर EOU की रेड
यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा, शाम 4 बजे चुना जाएगा बिहार का नया CM; BJP प्रदेशाध्यक्ष ने बताया पूरा शेड्यूल