बिहार में जीविका दीदियों की बढ़ेगी कमाई, मॉडल स्कूलों के छात्रों के लिए बनाएंगी यूनिफॉर्म
Jeevika Didi Income Growth Bihar: बिहार सरकार ने 542 मॉडल स्कूलों के कक्षा 9-12 के छात्रों के लिए 6,000 रुपये की वार्षिक यूनिफॉर्म किट योजना को मंजूरी ...और पढ़ें

यूनिफॉर्म किट की आपूर्ति और सिलाई की कमान राज्य की जीविका दीदियों को सौंपी गई है। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar Jeevika Didi Uniform Scheme: बिहार के 542 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श स्कूलों) में पढ़ने वाले कक्षा नौवीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी है।
राज्य सरकार ने इन विद्यार्थियों को हर साल 6,000 रुपये की लागत वाली संपूर्ण यूनिफॉर्म किट उपलब्ध कराने की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दे दी है। इस पूरी योजना के तहत यूनिफॉर्म किट की आपूर्ति और सिलाई की कमान राज्य की जीविका दीदियों को सौंपी गई है।
जीविका दीदियों की बढ़ेगी कमाई
सरकार के इस फैसले से जहां एक तरफ हजारों जीविका दीदियों की आमदनी में बढ़ोतरी होगी, वहीं दूसरी ओर स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
शिक्षा विभाग का मुख्य उद्देश्य मॉडल स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को एक समान और गुणवत्तापूर्ण यूनिफॉर्म मुहैया कराना है। इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, समानता और अपने स्कूल के प्रति गौरव की भावना मजबूत होगी।
किट में मिलेंगी ये चीजें
स्वीकृत योजना के अनुसार प्रत्येक छात्र-छात्रा को प्रतिवर्ष दो सेट पोशाक के साथ संपूर्ण यूनिफॉर्म किट दी जाएगी। इस विशेष किट में टी-शर्ट, ट्राउजर, बेल्ट, टाई, मोजे, जूते और हाफ स्वेटर शामिल रहेंगे।
इसके अलावा छात्रों को कैप, बंडी, ब्लेजर और एक गुणवत्तापूर्ण स्कूल बैग भी सरकार की तरफ से ही मिलेगा।
महंगाई के अनुसार बढ़ेगा बजट
भविष्य में सामग्री की लागत और बढ़ती महंगाई को ध्यान में रखते हुए सरकार ने विशेष वित्तीय व्यवस्था की है। यूनिफॉर्म किट की तय लागत में प्रतिवर्ष अधिकतम पांच प्रतिशत तक वृद्धि करने का भी स्पष्ट प्रावधान किया गया है।
इससे किट की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा और आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहेगी।
अभिभावकों को मिलेगी बड़ी राहत
इस कल्याणकारी योजना के धरातल पर उतरने से हजारों अभिभावकों को बड़ा आर्थिक संबल मिलने की पूरी उम्मीद है। अमूमन ब्लेजर, जूते और स्कूल बैग जैसे सामान खरीदने में अभिभावकों को हर साल जेब ढीली करनी पड़ती थी।
पूरी यूनिफॉर्म किट मुफ्त मिलने से मॉडल स्कूलों का शैक्षणिक वातावरण भी पहले से अधिक अनुशासित और बेहतर बनेगा।