NEET UG 2026: मुजफ्फरपुर के दिव्य चेतन ने लहराया परचम, नियमित अध्ययन से तय किया सफलता का सफर
Bihar Neet Topper: मुजफ्फरपुर के दिव्य चेतन ने नीट यूजी परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 3135 प्राप्त कर सफलता हासिल ...और पढ़ें

माता पिता ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। फोटो स्वयं

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, साहेबगंज (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Success Story: कहा जाता है कि अगर इरादे मजबूत हों और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो सीमित संसाधनों के बीच भी सफलता का इतिहास लिखा जा सकता है।
ऐसा ही कुछ कर दिखाया है मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज प्रखंड के बिशुनपुर पट्टी गांव (वार्ड संख्या 11) के रहने वाले होनहार छात्र दिव्य चेतन ने, जिन्होंने चिकित्सा क्षेत्र की प्रतिष्ठित परीक्षा NEET UG में शानदार सफलता हासिल की है।
नीट में परचम लहराया
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जारी किए गए नीट यूजी परीक्षा के परिणाम में दिव्य चेतन ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। उन्होंने इस कठिन परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3135 प्राप्त की है, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) कैटेगरी में उन्हें देश भर में 284वीं रैंक हासिल हुई है।

इलाके में खुशी की लहर
जैसे ही दिव्य चेतन की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर उनके पैतृक गांव बिशुनपुर पट्टी पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। रविवार को दिनभर उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और स्थानीय ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सफलता का मूलमंत्र
अपनी इस शानदार कामयाबी पर बात करते हुए दिव्य चेतन ने बताया कि उन्होंने कभी पढ़ाई को बोझ नहीं समझा। उनके अनुसार नियमित अध्ययन (Regular Study) और बिना किसी भटकाव के लक्ष्य पर बने रहना ही उनकी सफलता की असली राह रही, जिसने इस कठिन परीक्षा को सरल बना दिया।
दिव्य चेतन ने अपनी इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय लाइब्रेरी को दिया, जहां उन्होंने घंटों बैठकर एकाग्रता के साथ कठिन परिश्रम किया था।
इसके साथ ही उन्होंने अपनी माता रीमा देवी, पिता अजय कुमार द्विवेदी और अपने मेंटर्स डॉ. राजीव कुमार व डॉ. रीना का आभार जताया।
उन्होंने सुजीत सर के प्रति भी विशेष आभार प्रकट किया, जिन्होंने तैयारी के हर मोड़ पर उनका उचित मार्गदर्शन किया। दिव्य ने कहा कि शिक्षकों के सही दिशा-निर्देश और परिवार के भावनात्मक व निरंतर सहयोग के बिना देश की इस प्रतिष्ठित परीक्षा को पास करना संभव नहीं था।
बढ़ा साहेबगंज का मान
बिशुनपुर पट्टी गांव के स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिव्य को सम्मानित करते हुए कहा कि उसने न सिर्फ अपने माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा किया है, बल्कि पूरे साहेबगंज प्रखंड और मुजफ्फरपुर जिले का मान पूरे सूबे में बढ़ाया है।
युवाओं के लिए प्रेरणा
ग्रामीणों का मानना है कि दिव्य चेतन की यह सफलता ग्रामीण परिवेश में रहकर पढ़ाई कर रहे क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए एक मिसाल साबित होगी। यह इस बात का सीधा प्रमाण है कि यदि आपके पास पक्का इरादा हो, तो कोई भी कठिनाई आपकी राह नहीं रोक सकती।
