विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Politics: मुगालते में नहीं रहें जदयू नेता, अल्पसंख्यक समुदाय के लोग नहीं देते नीतीश को वोट: ललन सिंह

Published: Mon, 25 Nov 2024 08:55 AM (IST)

लंगट सिंह कॉलेज में जदयू का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया जिसमें 2025 विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जीत ...और पढ़ें

अल्पसंख्यक समुदाय को लेकर ललन सिंह का बड़ा बयान
अल्पसंख्यक समुदाय को लेकर ललन सिंह का बड़ा बयान

HighLights

  1. ललन सिंह ने अल्पसंख्यक समुदाय को लेकर दिया बड़ा बयान
  2. बिहार विधानसभा चुनाव में किया प्रचंड बहुमत से जीत क दावा

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। इस साल लोकसभा चुनाव में जीत के ठीक बाद जदयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा था कि वह अल्पसंख्यक का कोई काम नहीं करेंगे। यह इसलिए कि उन्होंने वोट नहीं दिया था। रविवार को जदयू के कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह (Lalan Singh) ने भी यही बात दोहराई। लंगट सिंह कॉलेज के मैदान में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, किसी गलतफहमी या मुगालते में नहीं रहें। अल्पसंख्यक समुदाय के लोग नीतीश कुमार को वोट नहीं करते।

अल्पसंख्यक नहीं देते नीतीश को वोट

ललन सिंह ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के नेता अभी भाषण दे रहे थे। वर्षों पहले अल्पसंख्यक समाज के लोगों की क्या स्थिति थी। मदरसा में तीन-चार हजार रुपये में शिक्षक काम करते थे। आज सातवां वेतन प्राप्त कर रहे हैं। बेहतर जीवन जी रहे हैं। यह सब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सत्ता में आने के बाद से सुधार हुआ है, लेकिन आज भी अल्पसंख्यक समाज के लोग नीतीश कुमार को वोट नहीं देते हैं।

इस गलतफहमी में नहीं रहिएगा कि अब देते हैं, पहले नहीं देते थे। वोट उसको देते हैं, जो एक छटांक का काम भी अल्पसंख्यक समाज के लोगों के लिए नहीं करता, यह चिंता की बात है।

नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनेगी एनडीए की सरकार

ललन सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में भाजपा को जनता ने प्रचंड बहुमत दिया है। इससे अधिक बहुमत से बिहार में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मिलेगा। उनके नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा, बिहार में हुए उपचुनाव के परिणामों ने बता दिया कि बिहार की जनता सिर्फ और सिर्फ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ है। अब जनता लालटेन युग में जाने के लिए तैयार नहीं है, जिसका उदाहरण बेलागंज चुनाव है।

लालू यादव जंगलराज के पुरोधा

जनता अब जंगलराज के युवराज को पूरी तरह नकार चुकी है। इस दौरान उन्होंने लालू प्रसाद यादव को जंगलराज का पुरोधा बताया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद यह पहली और आखिरी ऐसी युगलबंदी है, जिसमें केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमा हैं। इसे लोग वर्षों तक विकास के लिए याद रखेंगे। सत्ताधारी दल की भूमिका में रहे, लेकिन आम जनता के बीच सत्ता विरोधी लहर क्या होती है। इस शब्द को ही इस युगलबंदी ने विलुप्त कर दिया।

225 की लक्ष्य

उन्होंने कहा कि लक्ष्य 225 फिर से लेकर नीतीश के साथ आम जनता के बीच जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को मूलमंत्र दिया। कहा कि सरकार की विकासकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। लोगों के बीच जाएं और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान और मदद करें।

सभागार में एनडीए घटक दल के सभी जिलाध्यक्ष के साथ बैठक कर तिरहुत स्नातक उपचुनाव में प्रत्याशी अभिषेक झा की जीत तथा विधानसभा में सभी 11 सीटों पर जीत को लेकर मंथन किया।

  • बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि जनता अब चरवाहा विद्यालय खुलवाने वाला नहीं बल्कि इंजीनियरिंग, मेडिकल तथा आइटीआइ जैसी संस्थाओं को खुलवाने वाली सरकार को पसंद करती है।
  • बिहार सरकार के मंत्री जयंत राज कुशवाहा ने कहा कि जनता बिहार के विकास पुरुष नीतीश कुमार के काम पर सौ में सौ अंक दे रही है।
  • अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेश कुमार ने कहा कि अतिपिछड़ा समाज के हक और अधिकार का मतलब नीतीश कुमार हैं।
  • पूर्व सांसद अश्वमेघ देवी ने कहा कि महिलाओं की आजादी और अधिकार जो बाबा साहब भीमराव आंबेडकर ने कल्पना की थी, उसे मुख्यमंत्री ने जमीन पर उतारा।

महानगर अध्यक्ष ने पार्टी का प्रतीक चिह्न किया भेंट

इस मौके पर जदयू महानगर अध्यक्ष अनुपम कुमार ने केंद्रीय मंत्री समेत सभी अतिथियों को पार्टी का प्रतीक चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता और संचालन जिलाध्यक्ष रामबाबू सिंह कुशवाहा तथा धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष अनुपम कुमार ने किया।

सम्मेलन में पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, लोजपा (रा.) जिलाध्यक्ष चुलबुल शाही, रालोसपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर महतो, पूर्व जिलाध्यक्ष रंजीत सहनी, पूर्व विधायक विद्यासागर निषाद, रविंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक महेश्वर, प्रो. अरुण पटेल, युवा जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव समेत अन्य मौजूद रहे। सम्मेलन समारोह के बाद केंद्रीय मंत्री ने पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और आगे की रणनीति तैयार की।

ये भी पढ़ें

Bihar Politics:तेजस्वी यादव ने CM नीतीश पर लगाई आरोपों की झड़ी, कहा- 'चाचा जाने क्यों बिदक गए'

Tejashwi Yadav: झारखंड में शानदार जीत के बाद RJD गदगद, क्या अब बिहार में होगा 'खेला'? तेजस्वी ने दिया बड़ा संकेत!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।