Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर पहुंचे प्रशांत किशोर, बांकीपुर उपचुनाव और संगठन के पुनर्गठन को लेकर कही बड़ी बात

    Updated: Sun, 24 May 2026 07:35 PM (IST)

    Bankipur By Election: प्रशांत किशोर ने मुजफ्फरपुर में जन सुराज की संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लिया, जहाँ उन्होंने पार्टी के पुनर्गठन पर जोर दिया। उन्हो ...और पढ़ें

    जनसुराज जिला कार्यकारिणी की बैठक। फोटो: जागरण

    जनसुराज जिला कार्यकारिणी की बैठक। फोटो: जागरण

    बाबुल दीप, मुजफ्फरपुर। Prashant Kishor Muzaffarpur: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर (पीके) रविवार को बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत मुजफ्फरपुर पहुंचे।

    यहां के माधोपुर सुस्ता स्थित एक होटल में आयोजित जिला कार्यकारिणी कार्यशाला सह संगठनात्मक बैठक में उन्होंने हिस्सा लिया।

    मीडिया से बात करते हुए पीके ने संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि जन सुराज को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने के लिए पुनर्गठन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

    प्रशांत किशोर ने बताया कि विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद, उन्होंने और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने चंपारण के गांधी भितिहरवा आश्रम में एक दिन का उपवास रखा था।

    उसी समय यह संकल्प लिया गया था कि नई सरकार के छह महीने पूरे होने से पहले संगठन का कायाकल्प किया जाएगा। इसी रणनीति के तहत पुरानी जिला और राज्य इकाइयों को भंग कर नए सिरे से मजबूत ढांचा तैयार किया जा रहा है।

    'विश्व गुरु' का दावा सिर्फ जुमला

    प्रधानमंत्री के गाड़ियों की संख्या कम करने वाले हालिया बयान पर तीखा तंज कसते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि देश की जनता इस समय रिकॉर्ड तोड़ महंगाई से त्रस्त है।

    ऐसे दौर में 'विश्व गुरु' होने का दावा सिर्फ एक खोखला जुमला बनकर रह गया है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि यह 'पेट्रोल बचाओ' अभियान है या ‘पेट्रोल खपाओ’, इसके बारे में तो खुद पीएम ही बेहतर बता सकते हैं।

    पीके ने आगे कहा कि यदि देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, तो आज भी आम लोगों को गैस, तेल और बुनियादी संसाधनों की किल्लत का सामना क्यों करना पड़ रहा है?

    बांकीपुर उपचुनाव पर रुख

    सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर प्रशांत किशोर ने साफ किया कि यह कोई राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक डिजिटल अभियान है।

    यदि करोड़ों लोग इस मंच से जुड़ रहे हैं, तो यह साफ संकेत है कि समाज का एक बड़ा वर्ग भ्रष्टाचार, महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी को लेकर सिस्टम से बेहद नाराज है।

    वहीं, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सुराज इस चुनाव में पूरी मजबूती के साथ अपनी दावेदारी पेश करेगा।

    उम्मीदवार के नाम को लेकर पार्टी के भीतर मंथन चल रहा है और सही समय आने पर प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

    बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

    इस संगठनात्मक बैठक के दौरान जन सुराज के कई दिग्गज चेहरे मौजूद रहे। इनमें पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, तथागत हर्षवर्धन, अजय कुमार द्विवेदी, आरएन सिंह, सरवर अली, डॉ. शहनवाज, सुभाष कुशवाहा, विजय वात्सायन, जेपी सिंह, अबू अफ्फान फारूकी, प्रो. शशिकांत प्रसाद, जिला अध्यक्ष लाल बाबू, जिला महासचिव बिपिन चौधरी और महिला अध्यक्ष रंजना कुमारी समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

    खबरें और भी