Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने की घटना का पर्दाफाश, होटल कर्मी गिरफ्तार

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 07:52 PM (IST)

    Muzaffarpur Police Action: पुलिस ने मुजफ्फरपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश ...और पढ़ें

    लॉरेंस बिश्नोई! फाइल फोटो

    लॉरेंस बिश्नोई! फाइल फोटो

    HighLights

    1. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी का खुलासा।

    2. कांटी से होटल कर्मी कन्हाई सहनी हुआ गिरफ्तार।

    3. पूर्व विधायक, मंत्री के बेटे से मांगी थी रंगदारी।

    संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Extortion Case: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर प्रतिष्ठित लोगों से वाट्सएप काल और मैसेज के जरिए रंगदारी मांगने की घटनाओं का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

    मामले में कांटी इलाके के एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित एक होटल में काम करता था।

    होटल कर्मी की हुई गिरफ्तारी

    आरोपित के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कांफ्रेंस में मामले की जानकारी दी।

    उन्होंने बताया कि फिलहाल आरोपित को पटना पुलिस परबता के पूर्व विधायक डा. संजीव कुमार से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार कर ले गई है। यह प्राथमिकी पटना के कंकड़बाग थाने में दर्ज कराई गई थी।

    पूर्व विधायक से भी मांगी रंगदारी

    जांच के दौरान सामने आया कि 25 जुलाई को परबता के पूर्व विधायक डा. संजीव कुमार से भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में पटना पुलिस ने कार्रवाई की है।

    मुजफ्फरपुर में भी हाल के दिनों में कई प्रतिष्ठित लोगों को व्हाट्सएप काल के माध्यम से धमकी देकर रंगदारी मांगी गई थी। इन मामलों में सदर, ब्रह्मपुरा और साहेबगंज थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

    मंत्री के बेटे से मांगे 50 लाख

    ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के भाजपा नेता व जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष रंजीत सहनी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इसके बाद साहेबगंज क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य राजेश सहनी से एक करोड़ रुपये की मांग की गई।

    इसी तरह बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के पुत्र कृष्ण मुरारी से भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। तीनों मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

    खबरें और भी

    एसएसपी ने गठित की विशेष टीम

    घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। सिटी एसपी के अनुश्रवण और एसडीपीओ नगर टू व एसडीपीओ सरैया के नेतृत्व में गठित टीम में जिला आसूचना इकाई के प्रभारी सहित संबंधित थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।

    टीम ने मानवीय और तकनीकी इनपुट के आधार पर लगातार जांच की। इसी दौरान रंगदारी मांगने के मामले में कांटी इलाके के कन्हाई सहनी की संलिप्तता सामने आई।

    पूछताछ में आरोपित ने कबूला अपराध

    मुजफ्फरपुर पुलिस टीम और पटना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी पहचान कन्हाई सहनी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

    सिटी एसपी ने बताया कि पटना पुलिस द्वारा आरोपित को अपने साथ ले जाया गया है। मुजफ्फरपुर में दर्ज तीनों मामलों में उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। पुलिस अब रंगदारी मांगने के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।