Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रेलवे का बड़ा फैसला, रक्सौल-नरकटियागंज और मुजफ्फरपुर-सिकटा मेमू सेवा शुरू

    By Gopal Tiwari Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Sun, 17 May 2026 11:31 PM (IST)

    पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो मेमू ट्रेनों का मार्ग विस्तार किया है और पाटलिपुत्र-बगहा इंटरसिटी एक्सप्रेस में चार अतिरिक्त कोच जोड ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने दो मेमू सवारी ट्रेनों के मार्ग विस्तार का निर्णय लिया है।

    सोमवार से 63373/74 (रक्सौल-नरकटियागंज) मेमू सवारी गाड़ी का परिचालन नरकटियागंज तक किया जाएगा। यह ट्रेन पहले रक्सौल तक ही जाती थी।

    वहीं गाड़ी संख्या 63313/14 (मुजफ्फरपुर-रक्सौल) मेमू सवारी गाड़ी का मार्ग विस्तार कर इसे सिकटा तक चलाया जाएगा। यह ट्रेन पहले मुजफ्फरपुर से रक्सौल तक ही जाती थी।

    समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार सुबह 10 बजे नरकटियागंज स्टेशन पर विशेष कार्यक्रम कर दोनों ट्रेनों के मार्ग विस्तार का शुभारंभ किया जाएगा।

    एडीआरएम समस्तीपुर सन्नी सिन्हा इन दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। एडीआरएम समस्तीपुर शाम को मुजफ्फरपुर होते नरकटियागंज प्रस्थान कर गए। वहां रेल अधिकारियों के साथ कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

    कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार, नरकटियागंज विधायक संजय कुमार पांडेय व सिकटा विधायक सम्राट वर्मा के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

    रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मार्ग विस्तार होने से पश्चिम चंपारण व आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों को नरकटियागंज, रक्सौल, मुजफ्फरपुर और सिकटा के बीच आवागमन में राहत मिलेगी।

    16 डिब्बों के साथ चलेगी पाटलिपुत्र-बगहा इंटरसिटी एक्सप्रेस

    मुजफ्फरपुर । यात्रियों की लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पाटलिपुत्र-बगहा इंटरसिटी एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन सोमवार से 16 डिब्बों के साथ चलेगी। पहले इसमें 12 बोगियां थीं।

    सुबह की इस ट्रेन में यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती है। यात्री रोज शिकायत कर रहे थे। रेलवे के इस निर्णय से रोज सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

    खासकर बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सुगौली, मोतिहारी समेत पश्चिम व पूर्वी चंपारण के विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को अब सीट और जगह मिलने में सहूलियत होगी।

    जानकारी के अनुसार ट्रेन में चार अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। लंबे समय से यात्रियों द्वारा ट्रेन में बढ़ती भीड़ और सामान्य डिब्बों में होने वाली परेशानी को लेकर मांग की जा रही थी।

    कई बार यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ता था, जबकि त्योहार और छुट्टियों के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त बोगियां लगने से ट्रेन की यात्री क्षमता में वृद्धि होगी। इससे यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने में मदद मिलेगी तथा सफर अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।