यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Weather: ठंड की दस्तक के बीच फिर बदला मौसम, पटना समेत कई इलाकों में गर्मी का एहसास
Bihar Weather Update बिहार में ठंड ने दस्तक दी ही थी कि मौसम ने एक बार फिर से करवट बदल ली है। अब राजधानी समेत प्रदेश के कई भागों का मौसम शुष्क बना हुआ ...और पढ़ें

HighLights
- प्रदेश का मौसम अगले तीन दिनों तक बना रहेगा शुष्क
- न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज
जागरण संवाददात, पटना। राजधानी समेत प्रदेश का मौसम अगले तीन दिनों तक शुष्क बना रहेगा। अधिसंख्य भागों में सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है। प्रदेश के हिमालय की तलहटी वाले क्षेत्रों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है।
अगले पांच दिनों तक शुष्क रहेगा मौसम
दिन में धूप निकली तो गर्मी का अहसास हुआ। शाम ढलते ही ठंड महसूस होने लगी। विभाग ने आगे भी मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, कृषि मौसम विभाग जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केन्द्र डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्ष आर्द्रता 97 प्रतिशत तथा दोपहर दो बजे 52 प्रतिशत पर रही।
पछुआ चलने की संभावना
मौसम विज्ञानी डॉ.गुलाब सिंह ने बताया कि अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इस अवधि में अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20-22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 75 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 40 से 50 प्रतिशत रहने की संभावना है। औसतन 5-6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ चलने की संभावना है।
सूर्यमुखी की बोआई के लिए करें खेत की जुताई
मौसम विज्ञानी डॉ.गुलाब सिंह ने किसानों को सुझाव दिया कि शुष्क मौसम को देखते हुए सूर्यमुखी की बुआई करें।आलू, मक्का, चना, मटर एवं राजमा के लिए खेतों को तैयारी करें। गोबर की सड़ी खाद 150-200 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की दर से पूरे खेत में अच्छे प्रकार से बिखेर दें एवं जुताई कर मिला दें।