BRABU ने द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने से चूके छात्रों को दिया मौका, दो बजे तक खुलेगा पोर्टल
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2025-29 के द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म भरने से चूके छात्रों को एक और मौका दिया है। यूएमआईएस पोर्टल शुक्रवा ...और पढ़ें

विश्वविद्यालय ने छात्रहित में यूएमआईएस पोर्टल एक बार फिर खोलने का निर्णय लिया है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। BRABU Second Semester Exam: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) ने स्नातक सत्र 2025-29 के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने वाले उन छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत दी है, जो किसी कारणवश परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह गए थे। विश्वविद्यालय ने छात्रहित में यूएमआईएस पोर्टल एक बार फिर खोलने का निर्णय लिया है।
दोपहर दो बजे तक मौका
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार छात्र शुक्रवार को दोपहर दो बजे तक परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। इसके बाद यूएमआईएस पोर्टल स्वत: बंद कर दिया जाएगा और किसी भी परिस्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
20 जुलाई थी अंतिम तिथि
परीक्षा नियंत्रक प्रो. राम कुमार ने बताया कि पहले परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित थी। इसके बाद परीक्षा कार्यक्रम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी। इसी बीच विभिन्न कॉलेजों से ऐसे छात्रों के आवेदन प्राप्त हुए, जो तकनीकी या अन्य कारणों से फॉर्म नहीं भर सके थे।
छात्रहित में लिया निर्णय
कॉलेजों से मिले अनुरोध पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने मानवीय आधार पर एक दिन के लिए यूएमआईएस पोर्टल दोबारा खोलने का फैसला लिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम अवसर है और निर्धारित समयसीमा के बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं होगा।
खबरें और भी
कॉलेजों को भी निर्देश
विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध कॉलेजों को निर्देश दिया है कि परीक्षा फॉर्म भरने वाले विद्यार्थियों के परीक्षा शुल्क भुगतान का पूरा विवरण शुक्रवार शाम चार बजे तक ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से प्रवेश पत्र शाखा को उपलब्ध कराएं।
शाम छह बजे तक अपडेट जरूरी
कॉलेजों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि शुक्रवार शाम छह बजे तक सभी पात्र छात्र-छात्राओं के परीक्षा प्रपत्र यूएमआईएस पोर्टल पर अपडेट कर दिए जाएं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समयसीमा समाप्त होने के बाद परीक्षा फॉर्म भरने या उसमें किसी प्रकार का संशोधन करने का कोई अवसर नहीं मिलेगा।