बीआरए बिहार विश्वविद्यालय का वार्षिक खेल कैलेंडर जारी, अगस्त से दिसंबर तक होंगे 18 इवेंट
BRABU Sports Calendar: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए वार्षिक खेल कैलेंडर जारी किया है, जिसमें अगस्त से दिसंबर तक 13 खेलों ...और पढ़ें

प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की टीम का गठन किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar University Games: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए वार्षिक खेल कैलेंडर जारी कर दिया है। कैलेंडर में 13 खेलों के 18 इवेंट शामिल किए गए हैं। अधिकांश प्रतियोगिताएं महिला और पुरुष दोनों वर्गों में होंगी।
अगस्त से शुरू होंगे आयोजन
अंतर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत छह अगस्त से होगी। पांच महीने में सभी 18 इवेंट आयोजित किए जाएंगे और 22 दिसंबर तक प्रतियोगिताओं का समापन हो जाएगा।
अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की टीम का गठन किया जाएगा। यह टीम ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगी।
टेबल टेनिस से शुरुआत
विश्वविद्यालय का वार्षिक खेलकूद कार्यक्रम टेबल टेनिस प्रतियोगिता से शुरू होगा। इसकी मेजबानी डा. आरएमएलएस कालेज को दी गई है। प्रतियोगिता छह और सात अगस्त को आयोजित होगी।
इसमें भाग लेने के लिए सभी कालेजों को अपनी दावेदारी भेजनी होगी। इसके लिए एक अगस्त तक का समय निर्धारित किया गया है। स्पोर्ट्स काउंसिल के सचिव डा. अशोक कुमार साह ने कहा कि अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताएं निर्धारित तिथियों पर ही होंगी। तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
13 खेलों में होंगे मुकाबले
वार्षिक खेल कैलेंडर में टेबल टेनिस, बैडमिंटन, चेस, बास्केटबाल, कुश्ती, फुटबाल, कबड्डी, खो-खो, वालीबाल, वुशू, एथलेटिक्स और क्रिकेट समेत 13 खेल शामिल हैं। इनमें महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबले होंगे। बास्केटबाल और फुटबाल में पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता निर्धारित है।
एलएस कालेज को तीन मेजबानी
एलएस कालेज को सबसे अधिक तीन खेलों की मेजबानी मिली है। यहां लान टेनिस, कबड्डी पुरुष और क्रिकेट पुरुष वर्ग के मुकाबले होंगे।
आरडीएस कालेज में बैडमिंटन महिला-पुरुष और वालीबाल पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता होगी। डा. आरएमएलएस कालेज को टेबल टेनिस महिला-पुरुष और चेस महिला-पुरुष वर्ग की मेजबानी दी गई है।
कई कालेजों को जिम्मेदारी
एमएसकेबी कालेज में कबड्डी महिला, जबकि एमडीडीएम कालेज में खो-खो महिला वर्ग की प्रतियोगिता होगी। आरबीबीएम कालेज को क्रिकेट महिला और वालीबाल महिला वर्ग की मेजबानी मिली है।
एथलेटिक्स की मेजबानी एसआरकेजी कालेज सीतामढ़ी, फुटबाल की टीपी वर्मा कालेज नरकटियागंज और बास्केटबाल की एमएस कालेज मोतिहारी को सौंपी गई है।