Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Muzaffarpur News : 'मुझे मार देंगे...', मां से कही बात हुई सच, बहू के मर्डर में ससुर और जेठ गिरफ्तार

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 11:23 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर में दहेज में बाइक न मिलने पर बहू जूली देवी की हत्या के आरोप में फरार ससुर लखींद्र राय और जेठ रमेश राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 28 ज ...और पढ़ें

    मुजफ्फरपुर में पुलिस गिरफ्त में आरोपित।

    मुजफ्फरपुर में पुलिस गिरफ्त में आरोपित।

    HighLights

    1. दहेज के लिए बहू जूली देवी की हत्या का मामला।

    2. फरार ससुर लखींद्र राय और जेठ रमेश राय गिरफ्तार।

    3. मुजफ्फरपुर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर की कार्रवाई।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। दहेज में बाइक नहीं मिलने पर बहू की हत्या करने के आरोप में फरार चल रहे ससुर और जेठ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों को मनियारी थाना क्षेत्र के जमहरुआ गांव से दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लखींद्र राय और रमेश राय के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

    28 जून को हुई थी घटना

    मामला कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के रतवारा गांव का है। आरोप है कि 28 जून को जूली देवी की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसके शव को जला दिया गया था। घटना के बाद मृतका की मां रंजू देवी ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए ससुराल पक्ष के कई लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया था।

    बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ना

    पुलिस के अनुसार जूली की शादी 18 अप्रैल 2018 को जमहरुआ निवासी उमेश राय के साथ हुई थी। शादी के बाद उसने एक बेटी और दो बेटों को जन्म दिया। आरोप है कि कुछ समय बाद पति, ससुर, सास और जेठ दहेज में बाइक नहीं मिलने की बात को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे।

    मां को पहले ही बताया था खतरा

    प्राथमिकी के अनुसार, घटना से तीन दिन पहले 25 जून को जूली ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि ससुराल वाले उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके बाद 28 जून को उसकी हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर दिल्ली से गांव पहुंची मां ने देखा कि ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे।

    खबरें और भी

    पुलिस ने गठित की थी विशेष टीम

    एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि घटना के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। तकनीकी सूचना और छानबीन के आधार पर दोनों आरोपितों की गांव में मौजूदगी का पता चला। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

    अन्य आरोपितों की तलाश जारी

    पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सभी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।