देशभर में 'लश्कर गैंग' बना रेल यात्रियों का सबसे बड़ा दुश्मन, बिहार में गिरोह का पर्दाफाश
पूर्व मध्य रेल क्षेत्र में रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाले बंगाल के 'लश्कर गिरोह' का भंडाफोड़ हुआ है। समस्तीपुर और दरभंगा में चेन स्नेचिंग की घटनाओ ...और पढ़ें
-1785775818201_m.webp)
बंगाल का राजू लश्कर, ओडिशा के पूरी जेल में है बंद। रिमांड के लिए शीघ्र रवाना होगी जीआरपी एसआइटी की टीम। सौ. जीआरपी
गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। पूर्व मध्य रेल क्षेत्र में ट्रेन यात्रियों को बंगाल का लश्कर गिरोह निशाना बना रहा है। इस गिरोह का नेटवर्क देशव्यापी अपराध सिंडिकेट के रूप में सामने आया है।
समस्तीपुर और दरभंगा रेलवे स्टेशन पर एक ही दिन हुई दो चेन स्नेचिंग की घटनाओं की जांच में इस गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सौ से अधिक बदमाशों वाला यह गिरोह बिहार, बंगाल, ओडिशा समेत कई राज्यों में रेल यात्रियों को निशाना बना रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल एसपी बीणा कुमारी ने विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया है। यह जल्द ही ओडिशा के पुरी जाकर गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ करेगी।
जांच के दौरान समस्तीपुर और दरभंगा स्टेशन के सीसी कैमरे के फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी विश्लेषण से गिरोह के कई बदमाशों की पहचान कर ली गई है।
तकनीकी सेल ने मोबाइल सर्विलांस के जरिए पता लगाया कि वारदात के बाद गिरोह के सदस्य पुरी रथयात्रा के दौरान ओडिशा पहुंच गए। वहां भी उन्होंने ट्रेनों और रथयात्रा की भीड़ में भी लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया।
इसी दौरान ओडिशा पुलिस ने अभियान चलाकर गिरोह के 13 बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके कब्जे से 42 मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद हुए।
मोबाइल बंद होने के बाद मुजफ्फरपुर जीआरपी की तकनीकी टीम को बदमाशों के पुरी में पकड़े जाने की जानकारी मिली। रेल एसपी ने पुरी के एसएसपी और जिला प्रशासन से संपर्क कर गिरफ्तार आरोपितों का पूरा रिकार्ड जुटा लिया है।
अब एसआइटी पुरी जाकर आरोपितों को रिमांड पर लेकर बिहार में हुई घटनाओं से जुड़े साक्ष्य एकत्र करेगी। जांच में सामने आया है कि समस्तीपुर और दरभंगा के वारदात का मुख्य सरगना राजू लश्कर अब भी गिरफ्त से बाहर है। उसके बंगाल में छिपे होने की सूचना है। एसआइटी उसकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई तेज कर रही है।
दो यात्रियों की प्राथमिकी से नेटवर्क के पर्दाफाश में मिली मदद
समस्तीपुर जीआरपी में कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी कहकशां तरन्नुम तथा दरभंगा जीआरपी में मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के हरिनारायण ठाकुर की शिकायत पर दर्ज एफआइआर इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने का आधार बनी है। रेल पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस अंतरराज्यीय गिरोह के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
खबरें और भी
42 मोबाइल फोन और एक स्कार्पियो जब्त
ओडिशा के पुरी एसएसपी ने मुजफ्फरपुर रेल एसपी बीणा कुमारी को बताया कि रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह का पर्दाफाश किया है।
बलियापांडा थाना पुलिस ने डकैती, छिनतई और मोबाइल चोरी के मामले में लश्कर गिरोह के 13 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
16 जुलाई को महाराष्ट्र के रायगढ़ निवासी ओम उमेश तातकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रथयात्रा से लौटते समय लाइट हाउस चौक के पास बदमाशों ने मारपीट कर उसका आइफोन-17 लूट लिया।
रथयात्रा की भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं के मोबाइल, आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी और लूटता था। गिरफ्तार आरोपितों में अधिकतर बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के निवासी हैं।
इसके अलावा झारखंड के साहिबगंज और बिहार के भागलपुर के भी एक-एक आरोपित शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 42 विभिन्न ब्रांड के मोबाइल फोन और एक सफेद रंग की स्कार्पियो बरामद की है। मामले की जांच बलियापांडा थाना की एसआइ सुस्मिता बेहरा कर रही हैं।
- 100 से अधिक बदमाशों वाले गिरोह ने बिहार, बंगाल, ओडिशा समेत कई राज्यों में रेल यात्रियों को बनाया निशाना
- समस्तीपुर और दरभंगा स्टेशन पर चेन स्नेचिंग से खुला गिरोह का राज
- पुरी की रथयात्रा में भी मचाई थी लूटपाट, 13 बदमाश ओडिशा पुलिस के हत्थे चढ़े
- मुख्य सरगना राजू लश्कर अब भी फरार, विशेष टीम करेगी आरोपितों से पूछताछ