Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर नगर निगम हड़ताल के तीसरे दिन शहर में कचरे का अंबार, कांवरिया मार्ग और मंदिर भी प्रभावित

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 10:35 PM (GMT+05:30)

    Bihar Civic Workers Strike: मुजफ्फरपुर नगर निगम की अनिश्चितकालीन हड़ताल के तीसरे दिन शहर में कचरे का अंबार लग गया है, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरम ...और पढ़ें

    कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर नगर निगम कार्यालय पर धरना दिया। फोटो: जागरण

    कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर नगर निगम कार्यालय पर धरना दिया। फोटो: जागरण

    HighLights

    1. नगर निगम हड़ताल के तीसरे दिन शहर में कचरा जमा।

    2. बारिश से दुर्गंध बढ़ी, कांवरिया मार्ग और मंदिर प्रभावित।

    3. कर्मचारी स्थायीकरण और वेतन लाभ की मांग पर अड़े।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Nagar Nigam Strike: नगर निगम कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर पूरी तरह दिखने लगा है।

    हड़ताल के तीसरे दिन भी शहर में न तो सफाई वाहन निकले और न ही कचरे का उठाव हो सका। इसके कारण गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों तक कचरे का अंबार लग गया है, जबकि बारिश के कारण हालात और अधिक खराब हो गए हैं।

    गली-मोहल्लों में बढ़ी परेशानी

    लगातार तीन दिनों से कचरा नहीं उठने के कारण शहर के कई इलाकों में सड़ांध फैलने लगी है। बारिश का पानी और जमा कचरा मिलकर दुर्गंध फैला रहे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर नारकीय हालात बन गए हैं।

    कांवरिया मार्ग भी प्रभावित

    सावन माह में कांवरियों का आगमन शुरू हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद कांवरिया मार्ग और ठहराव स्थलों की समुचित सफाई नहीं हो पा रही है। जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से अब तक वैकल्पिक सफाई व्यवस्था नहीं किए जाने से श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। शहर के विभिन्न शिव मंदिरों के आसपास भी कचरा जमा है।

    गरीबनाथ मंदिर में फूल-पत्ती का ढेर

    नगर निगम की हड़ताल के कारण बाबा गरीबनाथ मंदिर परिसर में तीन दिनों से फूल-पत्ती और पूजा सामग्री जमा हो गई थी। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा हो रही थी। स्थिति को देखते हुए स्थानीय वार्ड पार्षद केपी पप्पू ने निजी ट्रैक्टर की व्यवस्था कर अपने खर्च पर मंदिर परिसर से फूल-पत्ती का उठाव कराया। इस कार्य में मंदिर के कर्मचारियों ने भी सहयोग किया।

    खबरें और भी

    थाली पीटकर जताया विरोध

    बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन और बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। शनिवार को हड़ताल के तीसरे दिन कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर नगर निगम कार्यालय पर धरना दिया। महिला सफाईकर्मियों ने थाली पीटकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

    संघर्ष मोर्चा के संयोजक अशोक राय और सह संयोजक सतेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि संविदा और अतिरिक्त कर्मियों की सेवा स्थायी करने, आउटसोर्स कर्मियों को नियमित कर्मचारी का दर्जा देने तथा स्थायी कर्मचारियों को एसीपी, एमएसीपी और अंतर वेतन का लाभ देने सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।

    ऐक्टू ने दिया समर्थन

    अखिल भारतीय केंद्रीय ट्रेड यूनियन (ऐक्टू) ने भी नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन किया है। जिला सचिव मनोज कुमार यादव ने कहा कि सरकार को दैनिक वेतनभोगी, संविदा और अन्य अस्थायी कर्मियों की सेवा नियमित कर सम्मानजनक वेतन तथा अन्य सेवा लाभ उपलब्ध कराने चाहिए।