विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई के 25 टन चावल लूटकांड का खुलासा, मुजफ्फरपुर से 3 किराना कारोबारी गिरफ्तार

Updated: Sun, 23 Aug 2026 01:07 AM (IST)

जमुई में ट्रक से 25 टन चावल लूट मामले में मुजफ्फरपुर से तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

पकड़े गए तीनों आरोपित। (जागरण)

पकड़े गए तीनों आरोपित। (जागरण)

HighLights

  1. जमुई चावल लूट में मुजफ्फरपुर से तीन आरोपी गिरफ्तार।

  2. आरोपियों के घर से 10 टन लूटा चावल जब्त किया गया।

  3. पुलिस ने 24 घंटे का ट्रांजिट रिमांड हासिल किया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। जमुई जिले के सोरेन (चकाई) इलाके से सात दिन पहले ट्रक व उसमें रखे 25 टन चावल लूटकांड मामले में चकाई पुलिस ने मुजफ्फरपुर से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

इसमें जैतपुर के चाको छपरा के दीनानाथ कुमार, पारू के फतेहाबाद निवासी राजीव कुमार जायसवाल व करजा थाने के नवादा गांव निवासी अनिल कुमार शामिल है।

तीनों आरोपितों के घर से लूटा गया 10 टन चावल पुलिस ने जब्त किया है। पूछताछ में पता चला कि सभी किराना कारोबारी है। चकाई थाने के थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने आरोपितों को कोर्ट में प्रस्तुत कर 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मांगा। इस पर कोर्ट ने 24 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया। पुलिस आरोपितों को लेकर चकाई जाएगी।

ये है मामला

पिछले 16 अगस्त को वैशाली जिले के औद्योगिक क्षेत्र हाजीपुर थाने के छोटी मरई धनौती निवासी कारोबारी रतन लाल कुमार ने प्राथमिकी कराई थी। इसमें कहा था कि उनका चावल का कारोबार बंगाल के बर्द्धमान व हाजीपुर में है।

12 अगस्त को वह बर्द्धमान के लक्ष्मी नारायण राइस मिल से 25 टन चावल खरीदा। इसे झारखंड नंबर के एक ट्रक पर लोड कर चालक व उसके मालिक मो. नियाज को हाजीपुर के लिए रवाना किया।

नियाज झारखंड के गिरिडीह के बेंगाबाद थाने के जमुरिया टाड़ का रहने वाला है। 15 अगस्त को नौ बजे नियाज के भाई मीनाज ने काल कर बताया गाड़ी व चावल गायब है। उसका भाई हॉस्पिटल में भर्ती है।

चालक से मिलने पहुंचे तो पता चला कि सोरेन (चकाई) में गाड़ी के अंदर वह खाना खा रहा था। अचानक चार लोग गाड़ी में चढ़ गए। आरोपितों ने उसका मुंह, हाथ व पैर बांध दिए।

जबरदन नशीला पदार्थ खिलाया। गाड़ी के साथ उसे भी साथ ले गए। होश में आने पर वह हास्पिटल में भर्ती था। कारोबारी ने आशंका जताई कि चालक अपने अन्य साथियों के साथ ट्रक को छिपा दिया।

15 टन चावल की तलाश जारी 

चकाई थाने के थानाध्यक्ष ने बताया कि अनुसंधान के दौरान सीसी कैमरा का फुटेज खंगालते हुए यहां तक पहुंचे। ट्रक लेकर भागने से चावलों की अनलोडिंग तक सभी सीसी कैमरे में कैद है।

उसकी निशानदेही पर जैतपुर, पारू व करजा में छापेमारी कर चावल के साथ तीन आरोपितों को पकड़ा है। वे सभी चावल खरीदने में शामिल थे। पूछताछ कर लूटे गए ट्रक व बाकी 15 टन चावल की तलाश की जाएगी।

बताया कि लुटेरों ने चालक को गिरिडीह व जमुई बार्डर इलाके से ट्रैप किया था। 14 व 15 अगस्त की दरम्यानी रात घटना को लुटेरों ने अंजाम दिया।

400 से अधिक सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले 

जांच में लालगंज के पेट्रोल पंप पर आरोपित ने 5500 रुपये का डीजल लिया था। आरोपितों ने यूपीआई से इसका भुगतान किया था। इससे आरोपितों का मोबाइल नंबर मिलने पर उसकी गिरफ्तारी की गई। इस दौरान जमुई से यहां तक 400 सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले गए।

यह भी पढ़ें- वैशाली में पार्टी में जाम छलकाते नजर आए चौकीदार, डांसर संग जमकर लगाए ठुमके; VIDEO वायरल