वैशाली में पार्टी में जाम छलकाते नजर आए चौकीदार, डांसर संग जमकर लगाए ठुमके; VIDEO वायरल
लालगंज थाना क्षेत्र में एक चौकीदार का शराब पीते और ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ डांस करते वीडियो वायरल हुआ है।
HighLights
चौकीदार का शराब पीते और डांसर संग डांस करते वीडियो वायरल।
शराबबंदी वाले बिहार में वर्दीधारी पर कानून तोड़ने के गंभीर सवाल।
एसडीपीओ ने वायरल वीडियो की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। लालगंज थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभाल रहे एक चौकीदार का शराब पीते और ऑर्केस्ट्रा की डांसर के साथ डांस करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
शराबबंदी वाले बिहार में वर्दीधारी का इस तरह खुलेआम शराब पीना और अश्लील हरकतें करना चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार मामला लालगंज प्रखंड के मसूदन पकड़ी गांव वार्ड नंबर 4 का है। बीते दिनों यहां राजकिशोर भगत के दरवाजे पर छठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
शराब पीते दिखे चौकीदार
इसी कार्यक्रम में ऑर्केस्ट्रा बुलाया गया था। प्रसारित वीडियो में साफ दिख रहा है कि चौकीदार पहले कुछ लोगों के साथ बैठकर बीयर की बोतल खोल रहा है, फिर टेट्रा पैक से शराब पी रहा है।
इसके कुछ देर बाद वही चौकीदार मंच पर डांसर लड़की के साथ खुलेआम डांस करता नजर आ रहा है। वीडियो में वह डांसर की गोद में बैठकर भी डांस करता दिख रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वीडियो में दिख रहा चौकीदार अशोक पासवान है। वह सदर-2 सीडीपीओ कार्यालय में तैनात है और लालगंज क्षेत्र में ड्यूटी करता है। वीडियो सामने आने के बाद से गांव और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
बिहार में अप्रैल 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके तहत शराब का पीना, बेचना और रखना दंडनीय अपराध है। ऐसे में एक सरकारी कर्मी का सार्वजनिक कार्यक्रम में बैठकर शराब पीना और डांस करना दोहरे सवाल खड़े करता है - एक तो कानून तोड़ने का, दूसरा अपनी ड्यूटी से भटकने का।
वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि मामले की जांच कर दोषी चौकीदार पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि सरकारी कर्मियों में कानून का भय बना रहे।
चौकीदार की जिम्मेदारी क्या होती है?
गांव स्तर पर चौकीदार पुलिस और प्रशासन के बीच सबसे निचली कड़ी होता है। उसकी जिम्मेदारियां हैं कि गांव में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखना और तुरंत पुलिस को सूचना देना।
शराबबंदी, बाल विवाह, अवैध निर्माण जैसी चीजों की निगरानी कर रिपोर्ट करना। चोरी, मारपीट या किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना थाना तक पहुंचाना।
वीडियो की होगी जांच
इस संबंध में सदर 2 एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। वीडियो की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में मौलाना ने अपनी छात्रा के साथ किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार
