विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर से मुर्गी दाना कारोबारी अगवा, मांगी 10 लाख फिरौती, आठ घंटे में यूपी के बलिया से मुक्त

By Sanjiv KumarEdited By: Krishna Bahadur Singh Parihar
Published: Thu, 20 Aug 2026 10:38 AM (IST)

मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा से मुर्गी दाना कारोबारी चंदन कुमार का अपहरण कर 10 लाख की फिरौती मांगी गई। पुलिस ने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर से मुर्गी दाना कारोबारी चंदन कुमार का अपहरण।

  2. अपहर्ताओं ने 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।

  3. पुलिस ने छह घंटे में यूपी से सकुशल बरामद किया, दो गिरफ्तार।

संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मिस्काट से मुर्गी दाना कारोबारी चंदन कुमार का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। कारोबारी को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र ले जाकर खंडहरनुमा मकान में कैद रखा।

इसके बाद बदमाशों ने स्वजन को वीडियो काल कर कारोबारी की पिटाई करते हुए दिखाकर मुक्त करने के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। घटना सामने आने के बाद जिले की विशेष टीम ने यूपी पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई में आठ घंटे के भीतर अपहृत कारोबारी को सकुशल बरामद कर लिया।

इस दौरान चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। सिटी एसपी मो.मोहिबुल्लाह अंसारी ने गुरुवार को प्रेस कान्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। कहा कि घटना में प्रयुक्त एक वाहन व चार मोबाइल जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में उत्तर प्रदेश कानपुर का एक, समस्तीपुर, सारण व वैशाली के एक-एक आरोपित शामिल है।

बताया गया कि बुधवार को मिठनपुरा रज्जू साह लेन की शौत्या देवी उर्फ श्वेता कुमारी ने पति चंदन कुमार के अपहरण की पुलिस से शिकायत की थी। कहा था कि अपहर्ताओं ने मुक्त करने के लिए 10 लाख की फिरौती मांगी है। कारोबारी की पत्नी के अनुसार शाम करीब 06:02 बजे उनके मोबाइल पर काल आई।

इसमें फिरौती राशि की मांग की गई। राशि उपलब्ध नहीं कराने पर पति की हत्या की धमकी दी गई। इसी क्रम में बदमाशों ने स्वजन को वीडियो काल कर पति के साथ मारपीट किए जाने का दृश्य भी दिखाया। इसे महिला ने दूसरे मोबाइल में रिकार्ड कर लिया। मिठनपुरा थाने में प्राथमिकी कर पुलिस ने जांच शुरू की।

एसएसपी ने गठित की विशेष टीम : घटना की संवेदनशीलता व गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। इसमें प्रभारी जिला आसूचना इकाई एवं थानाध्यक्ष मिठनपुरा अजय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों की शामिल किया गया।

गठित टीम ने अपहृत की सकुशल बरामदगी के लिए मानवीय व तकनीकी बिंदुओं पर लगातार आसूचना संकलन कर घटना में संलिप्त बदमाशों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। टीम ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के हल्दी थाना अंतर्गत छापेमारी कर मात्र आठ घंटे में अपहृत चंदन कुमार को मुक्त करा लिया। जिला अंतर्गत गठित टीम व उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई में सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपितों के खंगाले जा रहे पूर्व के रिकार्ड :

इस दौरान घटना में शामिल वैशाली जिले के सराय का सुरज कुमार उर्फ सुरज कुमार सिंह उर्फ सुरजभान सिंह, सारण जिले के दिघवारा का रौशन कुमार, उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी का गौरव सिंह और समस्तीपुर जिले के बंगरा का अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया गया।

ठिकाने से घटना में प्रयुक्त वाहन व मोबाइल जब्त किया गया। आरोपितों से पूछताछ कर अपहरण की साजिश व इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपितों के पूर्व का रिकार्ड खंगाला जा रहा है। इसके लिए संबंधित थानों से संपर्क किया गया है।

मूलरूप से कुढ़नी के रहने वाले कारोबारी 

कारोबारी चंदन मूलरूप से कुढ़नी किशुनपुर के रहनेवाले हैं। वर्तमान में रज्जू साह लेन में किराये के मकान में पत्नी व तीन बच्चों के साथ रहते हैं। पत्नी ने प्राथमिकी में कहा कि रविवार को पति बच्चे के साथ उन्हें किशुनपुर पहुंचाकर रज्जू साह लेन स्थित घर आ गए।

18 अगस्त को शाम चार बजे पति को काल की तो मोबाइल बंद मिला। शाम छह बजे उनके मोबाइल पर एक काल आई। इसमें फिरौती के 10 लाख रुपये मांगे गए। दूसरे दिन 19 अगस्त को पुलिस में घटना की शिकायत की। इसपर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर अब दूर तक दिखेगी हर हलचल, बिहार के छह जिलों में बनेंगे 108 वाच टावर