मुजफ्फरपुर के रेड लाइट एरिया चतुर्भुज स्थान में फंदे से लटका मिला डांसर का शव, लखनऊ की रहने वाली थी युवती
मुजफ्फरपुर के चतुर्भुज स्थान रेडलाइट एरिया में एक नर्तकी सरिता पाल उर्फ मुस्कान का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भे ...और पढ़ें

सरिता पाल उर्फ मुस्कान की फाइल फोटो।
HighLights
मुजफ्फरपुर रेडलाइट एरिया में नर्तकी सरिता पाल का शव मिला।
कमरे में फंदे से लटका मिला, पुलिस ने जांच शुरू की।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित रेडलाइट एरिया चतुर्भुज स्थान इलाके में मंगलवार को एक नर्तकी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की। एफएसएल की टीम ने साक्ष्य संकलन किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा।
पुलिस के अनुसार मृत नर्तकी की पहचान सरिता पाल उर्फ मुस्कान (21) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली थी।
पिछले करीब पांच वर्षों से चतुर्भुज स्थान रेड लाइट एरिया में किराये के कमरे में रहकर आर्केस्ट्रा में डांस का काम करती थी। अपर थानाध्यक्ष रविकांत दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। मौके से नर्तकी का मोबाइल जब्त किया गया है। उसे खंगाला जा रहा है।
बताया गया कि अन्य दिनों की तरह मंगलवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे तक मुस्कान कमरे से बाहर नहीं निकली। जबकि अन्य दिनों वह दोपहर 12 बजे तक तैयार होकर नीचे आ जाती थी। जब वह नहीं आई तो नीचे रहने वाली एक महिला किरायेदार ने उसे देखने पहुंची।
कमरे का दरवाजा बंद था, लेकिन धक्का देने पर खुल गया। अंदर का दृश्य देखकर वह सन्न रह गई। मुस्कान का शव कमरे में फंदे से लटका था। इसके बाद वह चिल्लाने लगी। चिल्लाने की आवाज पर लोगों की भीड़ जुट गई।
महिला किरायेदार उसे बचाने की नीयत से कुछ लोगों के सहयोग से जल्दी से नीचे उतारा। लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल कन्हौली टीओपी और नगर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना पर नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष रविकांत दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया। इसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया।
पुलिस ने फंदे में इस्तेमाल दुपट्टा जब्त किया है। आसपास के लोगों से पता चला कि मुस्कान करीब पांच वर्षों से रेड लाइट एरिया में रहकर नर्तकी का काम करती थी।
एक महीने पूर्व वह रुखसाना नामक महिला के मकान की पहली मंजिल पर किराए के कमरे में अकेली रह रही थी। पहले उसी इलाके में दूसरे मकान में रहती थी।वह आर्केस्ट्रा डांसर के रूप में भी काम करती थी।
पुलिस ने छानबीन के बाद स्वजन से संपर्क की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद लखनऊ से उसके स्वजन मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हो गए है। पुलिस का कहना है कि स्वजन के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।