बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना पर भ्रम, सॉफ्टवेयर अपडेट से उपभोक्ता परेशान
मुजफ्फरपुर में बिजली विभाग के नए सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को लेकर उपभोक्ताओं में भ्रम है। ...और पढ़ें

सॉफ्टवेयर एक, अलग-अलग बिलिंग से उपभोक्ताओं में भ्रम (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बिजली विभाग में नया सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद 125 यूनिट फ्री बिजली योजना को लेकर उपभोक्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति है। एक ही इलाके में किसी उपभोक्ता का बिल शून्य तो किसी के खाते से एक मई से रोज के हिसाब से राशि कटने लगी है।
बेला रोड के आरकेपुरम मुहल्ला निवासी दीनबंधु झा सहित कई उपभोक्ताओं ने विभाग के अधिकारी से शिकायत की है।
उनका कहना था कि पहले जहां एप पर शून्य बिल दिख रहा था, वहीं अब अचानक पैसे कटने लगे हैं। इससे लोगों को आशंका होने लगी कि कहीं 125 यूनिट फ्री बिजली योजना खत्म तो नहीं कर दी गई।

विभागीय जांच में सामने आया कि उपभोक्ताओं के खातों में वर्चुअल क्रेडिट के रूप में राशि जोड़ी जा रही है। कई लोगों के खाते में क्रेडिट हुआ भी है, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों के खाते में पैसा नहीं आया है।
इसकी जांच की गई तो पता चला कि कई उपभोक्ताओं के खाते में अलग-अलग हिसाब से पैसा डाला गया है। किसी को 150 तो किसी को 188 तो किसी को 200 रुपये तक का क्रेडिट अलग-अलग किस्तों में डाला है। यह प्रक्रिया स्पष्ट नहीं होने से उपभोक्ताओं में संशय बढ़ गया है।
विद्युत अधीक्षण अभियंता पंकज राजेश ने बताया कि एक अप्रैल से टीओडी (टाइम ऑफ डे) सिस्टम लागू किया गया है। सॉफ्टवेयर अपडेट होने से डेटा समायोजन की प्रक्रिया जारी है।
एनडीएस-वन, टू व थ्री कैटेगरी में उपभोक्ताओं को बांटकर वर्चुअल क्रेडिट दिया जा रहा है। सभी के खातों में 125 यूनिट फ्री का लाभ पूरी तरह अपडेट होता जा रहा है।
वहीं, उपभोक्ताओं का कहना है कि बिना पूर्व सूचना बदलाव करना गलत है। विभाग को पहले जानकारी देनी चाहिए थी, ताकि भ्रम व परेशानी से बच सकें। उपभोक्ताओं ने एक समान व पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की है।