Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Muzaffarpur News: इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को 75 से 80 प्रतिशत उपस्थिति पर मिलेंगे एक अंक

    By Prashant Kumar Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Tue, 17 Mar 2026 07:46 PM (IST)

    बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी ने कॉलेजों में उपस्थिति पर अंक देने के लिए नई नियमावली जारी की है। अब छात्रों को 75-80% उपस्थिति पर एक अंक और 96-100% पर ...और पढ़ें

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    HighLights

    1. उपस्थिति पर अंकों की नई नियमावली लागू।

    2. 75-80% हाजिरी पर एक, 96-100% पर पांच अंक।

    3. परीक्षा हेतु 75% उपस्थिति अनिवार्य, 15% छूट संभव।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । राज्य के इंजीनियरिंग कालेजों में विभिन्न बीटेक से लेकर एमटेक स्तरीय कोर्स में नामांकित विद्यार्थियों को उपस्थिति पर अधिकतम पांच अंक मिलेंगे। कक्षाओं में 75 से 80 प्रतिशत की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विद्यार्थियों को एक अंक दिया जाएगा।

    वहीं 81 से 85 प्रतिशत तक हाजिरी होने पर उन्हें दो अंक मिलेंगे। 86 से 90 प्रतिशत के लिए तीन अंक, 91 से 95 प्रतिशत के लिए चार अंक और 96 से 100 प्रतिशत उपस्थिति होने पर पांच अंक दिए जाएंगे।

    पिछले दिनों सभी इंजीनियरिंग कालेजों के प्राचार्यों के साथ हुई बैठक में विश्वविद्यालय की ओर से इसका प्रारूप तय कर दिया है। साथ ही बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी की ओर से यूजी-पीजी नियमावली को स्वीकृति प्रदान की गई है।

    इसे वर्तमान सत्र में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों के साथ-साथ सत्र 2026 - 27 सत्र से लागू किया जाएगा। विश्वविद्यालय के पांचवें कार्यकारिणी परिषद् की बैठक में लिए गए निर्णय को लागू किए जाने को लेकर सभी इंजीनियरिंग कालेजों के प्राचार्यों को निर्देश जारी किया गया है।

    इसमें कहा गया है कि उपस्थिति के लिए दिए जाने वाले अंक में एकरूपता को लागू किया जाए। एमआइटी के प्राचार्य डा. एमके झा ने बताया कि उपस्थिति के लिए अधिकतम पांच अंक का प्राविधान किया गया है। बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी की ओर से आदेश जारी किया गया है।

    खबरें और भी

    कालेजों अंक देने में करते थे मनमानी

    इंजीनियरिंग कालेजों में अब तक छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पर अकों का निर्धारण तो किया गया था, लेकिन अंक देने के लिए कालेज की मनमानी सामने आती थी। कई बार 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने वाले विद्यार्थियों को भी कालेज की ओर से पांच अंक दे दिए जाते थे।

    दूसरी ओर कई बार कक्षाओं में 80 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने वाले विद्यार्थियों को तीन अंक मिलते थे। इसकी शिकायत कई बार निदेशालय को हुई थी। अब नई नियमावली के प्रभावी होने से अब उपस्थिति के अनुसार ही विद्यार्थिों को अंक मिलेगा। साथ ही छात्र बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए कक्षाओं में उपस्थिति बढ़ाएंगे।

    75 प्रतिशत से कम उपस्थिति होने पर एक भी अंक नहीं मिलेगा। कालेजों की ओर से उपस्थिति पर दिए जाने वाले अंकों में एकरूपता नहीं होने की शिकायत के बाद बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी की ओर से एकरूपता तय कर दी है।

    कम उपस्थिति पर सशर्त मंजूरी दे सकेंगे प्राचार्य 

    बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी की ओर से कक्षाओं में उपस्थिति के लिए भी नियमावली जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि सभी कक्षाओं (व्याख्यान ट्यूटोरियल, प्रयोगशालाएं, कार्यशालाएं) में उपस्थिति अनिवार्य है।

    अपर्याप्त उपस्थिति के आधार पर किसी छात्र को परीक्षा में बैठने से वंचित किया जा सकता है। किसी भी सेमेस्टर परीक्षा में बैठने के लिए, छात्र को प्रत्येक सैद्धांतिक विषय और प्रत्येक सत्र/व्यावहारिक प्रश्नपत्र में न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना होगा।

    चिकित्सा कारणों से उपस्थिति में अधिकतम 15 प्रतिशत की छूट वैध सहायक दस्तावेज के साथ संबंधित कालेज के प्रधानाचार्य की ओर से दी जा सकती है।