मुजफ्फरपुर में युवती के अपहरण का विरोध करना पड़ा भारी, मनचलों ने घर में घुसकर पान दुकानदार को मारी गोली
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में एक पान दुकानदार राजेश साह को युवती के अपहरण का विरोध करने पर बदमाशों ने घर में घुसकर गोली मार दी। ...और पढ़ें
-1784954287474_m.webp)
HighLights
मुजफ्फरपुर में युवती के अपहरण का विरोध करने पर गोली मारी।
पान दुकानदार राजेश साह गंभीर रूप से घायल, रेफर किया गया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान की, जल्द गिरफ्तारी का दावा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। मोतीपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कार सवार बेखौफ बदमाशों ने एक युवती को जबरन ले जाने का विरोध करने पर पान दुकानदार राजेश साह को उनके घर पर चढ़कर गोली मार दी।
गोली उनके घर रामनाथ गोसाई स्थित घर पर मारी। गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना का मुख्य कारण एक युवती के साथ हो रही ज्यादती का विरोध करना था। बताया जाता है कि एक युवक एक युवती को जबरन अपने साथ लेकर जा रहा था।
रास्ते में मौजूद पान दुकानदार राजेश साह ने इस बात का कड़ा विरोध जताया और युवती को बचाने का प्रयास किया। इसी बात से आक्रोशित होकर कार सवार बदमाशों ने राजेश साह को निशाना बनाया और उनके घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और पीड़ित राजेश साह के बीच पूर्व में भी मारपीट की घटना हो चुकी है।
युवती को ले जाने का विरोध करने पर यह पुराना विवाद फिर से भड़क गया और बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी खुद घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर मामले की गहन तहकीकात कर रही हैं।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। बयान दर्ज कर थानाध्यक्ष को प्राथमिकी का आदेश दिया गया है। आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।