मुजफ्फरपुर के मरीजों को बड़ी राहत, सदर अस्पताल में 10 बेड की आइसीयू वेंटिलेटर सेवा के साथ शुरू
Bihar Health Department: मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में 10 बेड का नया आईसीयू और अत्याधुनिक लैब शुरू हो गया है। इससे गंभीर मरीजों को वेंटिलेटर सहित 87 प्रक ...और पढ़ें

आइसीयू के साथ ही त्याधुनिक लैब की शुरुआत की गई है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। ICU Bed In Muzaffarpur Sadar Hospital: सदर अस्पताल में इलाज कराने आने वाले गंभीर मरीजों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अस्पताल परिसर में 10 बेड के नए आइसीयू और अत्याधुनिक लैब की शुरुआत कर दी गई है।
सीएम ने किया लोकार्पण
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से आइसीयू और अत्याधुनिक लैब का औपचारिक लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में डीएम कुमार गौरव, मेयर निर्मला साहू और स्थानीय जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे।
अत्याधुनिक उपकरणों से लैस आइसीयू
नए आइसीयू में वेंटिलेटर, मल्टीपैरा मॉनिटर, इन्फ्यूजन पंप और डिफिब्रिलेटर जैसे आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि यहाँ 24 घंटे प्रशिक्षित डॉक्टरों और नर्सों की टीम तैनात रहेगी।
पीपीपी मोड में चलेगी लैब
अस्पताल की नई अत्याधुनिक लैब का संचालन सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड के तहत किया जाएगा।इस लैब में आटो एनालाइजर और डिजिटल रिपोर्टिंग सिस्टम से जांच की त्वरित और सटीक रिपोर्ट मिलेगी।
87 तरह की जांच होगी
डीपीएम सलीम जावेद ने बताया कि नई व्यवस्था में मरीजों को 87 प्रकार की जांचों की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध होगी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) से आने वाले नमूनों की भी यहाँ जांच की जाएगी जिससे लागत काफी कम होगी।
निजी अस्पतालों से मिलेगी मुक्ति
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि इस पहल से मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। मेयर निर्मला साहू ने इसे गरीब मरीजों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि अब महंगे अस्पतालों पर निर्भरता खत्म होगी।