मुजफ्फरपुर में सेटेलाइट टाउनशिप में पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर जमीन की होगी बिक्री
Bihar Housing Board: मुजफ्फरपुर में ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप में जमीन की खरीद-बिक्री 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगी, जिसके लिए बिहार राज्य आवा ...और पढ़ें

इसमें AI जनरेटेड तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । Muzaffarpur Greenfield Satellite Township: ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप में जमीन की खरीद-बिक्री पहले आओ, पहले पाओ (फीफो) की तर्ज पर होगी। बिहार राज्य आवास बोर्ड ने इसके लिए गाइडलाइन जारी की है।
जिन भू-धारी का पहले आवेदन प्राप्त होगा, उसका पहले निष्पादन किया जाएगा। आवास बोर्ड ने इससे संबंधित जिलों को अवगत कराया है।
बोर्ड द्वारा बिहार रैयती भूमि क्रय नीति 2026 के प्रविधानों के अनुसार, उक्त भूमि पर अवस्थित सभी संपत्तियों का मूल्यांकन करते हुए अनुमानित मूल्य निर्धारित कर सक्षम प्राधिकार को प्रस्ताव भेजेगा।
इसके अनुसार अगर सौ करोड़ तक का मामला होगा तो समाहर्ता और इससे अधिक की राशि होगी तो आयुक्त को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उनके स्तर से अंतिम मुहर लगने के बाद खरीद-बिक्री की प्रक्रिया होगी।
विदित हो कि जिले से अब तक करीब 18 रैयतों ने आवेदन किया है। आवास बोर्ड इसका मूल्यांकन करने में जुटा है। रैयतों से सभी आवश्यक कागजात मांगे गए हैं। जिला व प्रमंडल स्तरीय क्रय समिति में अध्यक्ष समेत सात-सात सदस्यों को नामित किया गया है।
इसमें अपर समाहर्ता, राजस्व, उप विकास आयुक्त, भवन व पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, डीसीएलआर व सीओ, जिला अवर निबंधक, जिला कृषि पदाधिकारी और आवास बोर्ड के पदाधिकारी इन समितियों में सदस्य के रूप में कार्य करेंगे।
जीरो लोड सिटी की अवधारणा पर किया जा रहा तैयार
इस परियोजना को ‘जीरो लोड सिटी’ की अवधारणा पर तैयार किया जा रहा है ताकि पुराने शहरों पर आबादी व ट्रैफिक का दबाव घटाया जा सके। सरकार का मानना है कि नई टाउनशिप से रोजगार, निवेश व व्यापार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
यहां आवासीय व व्यावसायिक जोन अलग-अलग बनाए जाएंगे। इसके अलावा स्कूल, कालेज, अस्पताल, शापिंग माल, कम्युनिटी सेंटर व खेल मैदान जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बड़े पार्क, ग्रीन बेल्ट व पर्यावरण अनुकूल क्षेत्र भी परियोजना का हिस्सा होंगे। बुनियादी ढांचे के तहत चौड़ी सड़कें, स्मार्ट ड्रेनेज सिस्टम, अंडरग्राउंड वायरिंग व 24 घंटे बिजली-पानी की सुविधा देने की योजना है।