Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तर बिहार के लोगों के लिए एक ही जगह पिकनिक, बोटिंग और मनोरंजन की सुविधा, मुजफ्फरपुर में तैयार हुआ लेक फ्रंट

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 11:11 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर का सिकंदरपुर लेक फ्रंट, 139 करोड़ की लागत से विकसित, अब उत्तर बिहार के लोगों के लिए पिकनिक और मनोरंजन का नया केंद्र बन गया है। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

    उत्तर बिहार के लोगों के लिए आकषर्ण का केंद्र होगा सिकंदरपुर लेक फ्रंट व्यू।

    उत्तर बिहार के लोगों के लिए आकषर्ण का केंद्र होगा सिकंदरपुर लेक फ्रंट व्यू।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकसित सिकंदरपुर लेक फ्रंट अब उत्तर बिहार के लोगों के लिए नया आकर्षण बनने जा रहा है।

    55 एकड़ में फैली तीन झीलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर पिकनिक और मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को इसका उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम तैयारियों में जुटे हैं।

    139 करोड़ की लागत, तय समय से काफी देर में पूरा हुआ काम

    लेक फ्रंट के निर्माण पर 139.11 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। परियोजना को 18 माह में पूरा किया जाना था, लेकिन इसे पूरा होने में 56 माह लग गए। हालांकि, लेक-3 के विकास से जुड़े कुछ कार्य अभी भी शेष हैं।

    एक ही परिसर में कई आधुनिक सुविधाएं

    लेक फ्रंट में लोगों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां सामुदायिक भवन बनाया गया है, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक और कॉर्पोरेट कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। बच्चों और युवाओं के लिए गेमिंग जोन भी तैयार किया गया है। इसके अलावा रूफटॉप रेस्टोरेंट, स्मार्ट कियोस्क और ओपन एयर थिएटर भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

    बोटिंग और स्थानीय स्वाद का मिलेगा आनंद

    परिसर में आधुनिक बोटिंग क्लब बनाया गया है, जहां पर्यटक सुरक्षित वातावरण में नौकायन का आनंद ले सकेंगे। स्मार्ट कियोस्क में बिहारी व्यंजन, स्थानीय खाद्य सामग्री, पेय पदार्थ, स्नैक्स और स्मृति-चिह्न उपलब्ध होंगे। ओपन एयर थिएटर में लोकगीत, नृत्य, नाटक, संगीत संध्या, फिल्म स्क्रीनिंग और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

    खबरें और भी

    संचालन से हर महीने होगी आय

    सिकंदरपुर लेक फ्रंट की सुविधाओं के संचालन, रखरखाव और मोनेटाइजेशन की जिम्मेदारी निजी एजेंसी प्रभाकर इंटरप्राइजेज को सौंपी गई है। इसके बदले मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी कंपनी को प्रतिमाह करीब 20 लाख रुपये की आय होगी। अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना न केवल शहर की पहचान बदलेगी, बल्कि उत्तर बिहार में पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई गति देगी।