मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति, चांदनी चौक से रामदयालु तक सिक्स लेन बनेगी सड़क
मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिसमें चांदनी चौक से रामदयालु तक सिक्स लेन सड़क का ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में योजनाओं का कार्यारंभ करते पथ निर्माण विभाग के मंत्री व विधायक । सौजन्य- विभाग
HighLights
चांदनी चौक से रामदयालु तक सिक्स लेन सड़क बनेगी।
मिठनपुरा-इमली चौक सड़क और गोबरसही आरओबी का कार्य शुरू।
परियोजनाओं से मुजफ्फरपुर में यातायात होगा सुगम, जाम घटेगा।
बाबुल दीप, मुजफ्फरपुर। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बुधवार को कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मार्गदर्शन में सड़क परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
बुधवार को उन्होंने मिठनपुरा चौक के समीप से मिठनपुरा-इमली चौक सड़क, गोबरसही आरओबी और चांदनी चौक-सिक्स लेन निर्माण कार्य का कार्यारंभ किया।
मंत्री ने कहा कि मिठनपुरा से इमली चौक तक सड़क एवं नाला निर्माण, गोबरसही रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) तथा रामदयालु से चांदनी चौक तक प्रस्तावित सिक्स लेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात सुगम होगा और वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या में कमी आएगी।
नगर विधायक रंजन कुमार ने बताया कि मिठनपुरा से इमली चौक तक सड़क एवं नाला निर्माण कार्य लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसे 10 महीने के भीतर पूरा किया जाएगा, जबकि 167 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गोबरसही आरओबी से का निर्माण हो रहा है।
सिक्स लेन होने से अतिक्रमण की समस्या होगी समाप्त
रामदयालु से चांदनी चौक तक सिक्स लेन सड़क निर्माण को भी स्वीकृति मिल चुकी है। एनएचएआइ से एनओसी भी मिल चुका है। करीब 45 करोड़ रुपये से एक साल में सिक्स लेन निर्माण का काम पूरा होगा। इसके बनने से सर्विस लेन में अतिक्रमण की समस्या समाप्त हो जाएगी।
खबरें और भी
इसी माह से काम शुरू हो जाएगा। नगर विधायक ने बताया कि साईं मंदिर से पीएनटी चौक, शक्तिनाथ मंदिर होते हुए मालीघाट नाका तक सड़क निर्माण का शिलान्यास अगले दो महीने के भीतर किया जाएगा।
इसके अलावा काजीमोहम्मदपुर थाना से चंद्रलोक चौक तक सड़क निर्माण, सिकंदरपुर पुल से चंदवारा पुल तक सड़क को टू-लेन बनाने तथा रामबाग चौक से बहलखाना होते हुए प्रभात सिनेमा तक सड़क निर्माण भी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम के बाद मंत्री और नगर विधायक ने सर्किट हाउस में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर भाजपा पूर्वी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार, पथ निर्माण विभाग के अधीक्षकण अभियंता ई. अंजनी कुमार, कार्यपालक अभियंता ई. गणेशजी समेत अन्य मौजूद रहे।