Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर में पुत्र व बहू ने ईंट एवं झाड़ू से पीट-पीटकर मां को मार डाला, बेटे के रहते गांवों में मांगकर खाती थी महिला

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 05:43 PM (IST)

    मुजफ्फरपुर के मुशहरी में एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिस पर ग्रामीणों ने पुत्र व बहू पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया है। पु ...और पढ़ें

    मुशहरी में घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़। जागरण

    मुशहरी में घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़। जागरण

    HighLights

    1. मुजफ्फरपुर में वृद्ध महिला की संदिग्ध मौत, पुत्र-बहू पर हत्या का आरोप।

    2. पुत्र-बहू पर लंबे समय से प्रताड़ना, भोजन न देने का आरोप।

    3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, जांच जारी, चोट के निशान नहीं।

    संवाद सहयोगी, मुशहरी (मुजफ्फरपुर)। मुशहरी थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर में रविवार दोपहर एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्रामीणों ने महिला के पुत्र व बहू पर ईंट एवं झाड़ू से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

    मृत महिला की पहचान प्रहलादपुर निवासी शत्रुधन शाही की पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहें।

    ग्रामीणों के अनुसार मृतका शांति देवी का पुत्र मधुसूदन शाही एवं उसकी पत्नी लंबे समय से उसके साथ मारपीट व मानसिक प्रताड़ित करते थे।

    कई-कई दिनों तक भोजन नहीं देने का आरोप

    ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों कई-कई दिनों तक उन्हें भोजन भी नहीं देते थे। मजबूर होकर वृद्धा गांव और टोले में लोगों से भोजन मांगकर गुजारा करती थी। लगातार प्रताड़ना एवं मारपीट के कारण उनकी शारीरिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी।

    ग्रामीणों ने बताया कि शांति देवी ने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों से परेशानी बताकर समाधान की गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद कुछ सफेदपोश लोग मामले को दबाने और लीपापोती करने में जुट गए।

    वहीं, मधुसूदन शाही ने अपने ऊपर लगाए गए आरोप से इनकार किया है। उनका कहना है कि रविवार को सास और बहू के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। मां की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी कोई जानकारी नहीं हैं। किसी ने बताया की गाछी में गिर गई हैं, जिससे उनकी मौत हो गई।

    खबरें और भी

    एसएसपी के निर्देश पर पहुंची मुशहरी पुलिस 

    ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर तक घटना की जानकारी नहीं होने की बात कहती रही। शाम में ग्रामीणों ने एसएसपी को सूचना दी। इसके बाद मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

    शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

    80 वर्षीय महिला के शरीर पर किसी तरह का कोई जख्म निशान नहीं मिला है। फिलहाल हत्या से जुड़ी कोई साक्ष्य भी नहीं मिला है। अगर कोई सबूत मिलती हैं तो हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यूडी केस कर सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
    --मनोज कुमार सिंह, एसडीपीओ पूर्वी टू

    यह भी पढ़ें- पूर्वी चंपारण में खूंटा गाड़ने के विवाद में हुई हत्या, पिता-पुत्र सहित छह को आजीवन कारावास