Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर में ऑटो से गिरा मासूम, कलेजे के टुकड़े को बचाने उतरी मां जब तक उठाती कार ने कुचला

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 11:36 PM (IST)

    Bihar Crime Traffic News: मुजफ्फरपुर में सदर अस्पताल चौराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम आर्यन की मौत हो गई। वह ऑटो से गिरने के ब ...और पढ़ें

    हादसे के बाद कार चालक मौके से तेजी से वाहन लेकर फरार हो गया।

    हादसे के बाद कार चालक मौके से तेजी से वाहन लेकर फरार हो गया।

    HighLights

    1. चार वर्षीय मासूम आर्यन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत।

    2. ऑटो से गिरने के बाद तेज रफ्तार कार ने कुचला।

    3. पुलिस फरार कार चालक की तलाश में सीसीटीवी खंगाल रही।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Station Road Accident: शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित सदर अस्पताल चौराहे के समीप एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है।

    जंक्शन से डॉक्टर के पास जा रहे एक चार वर्षीय मासूम की ऑटो से नीचे गिरने और फिर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।

    इलाज कराने आया था परिवार

    पूर्वी चंपारण जिले के सिरसी घाघू गांव निवासी रंजू देवी अपने चार वर्षीय बेटे आर्यन का इलाज कराने मुजफ्फरपुर आई थीं। उनके साथ उनका भाई सरोज भी मौजूद था। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर उतरने के बाद तीनों ऑटो में सवार होकर डॉक्टर के क्लिनिक की तरफ जा रहे थे।

    ऑटो से गिरते ही कार ने कुचला

    सदर अस्पताल चौराहे के पास सुबह करीब पौने नौ बजे अचानक मासूम आर्यन ऑटो के दाहिने हिस्से से नीचे सड़क पर गिर गया। मां रंजू देवी बेटे को बचाने के लिए तुरंत ऑटो से नीचे उतरीं, लेकिन जब तक वे बच्चे को उठा पातीं, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया।

    हादसे के बाद कार चालक मौके से तेजी से वाहन लेकर फरार हो गया। खून से लथपथ मासूम को लेकर रोती-बिलखती मां तुरंत सदर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    इस हादसे में मां रंजू देवी को भी हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज कराया गया।

    सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

    घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा। नगर थानाध्यक्ष जेपी सिंह ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है।

    फरार कार और उसके चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

    खबरें और भी