लंबे सफर की बड़ी चिंता खत्म, अब मुजफ्फरपुर के टोल प्लाजा पर मिलेंगी विश्वस्तरीय टॉयलेट सुविधाएं
एनएचएआई मुजफ्फरपुर सहित राष्ट्रीय राजमार्गों पर विश्व स्तरीय शौचालय सुविधाएँ विकसित कर रहा है। इसमें नवीनीकरण, नए निर्माण, डिजिटल निगरानी और यात्रियों ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
एनएचएआई मुजफ्फरपुर टोल प्लाजा पर बनाएगा विश्वस्तरीय शौचालय।
डिजिटल निगरानी और ग्रीन बिल्डिंग तकनीक का होगा उपयोग।
महिलाओं और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाओं का प्रावधान।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों को अब टोल प्लाजा पर साफ-सुथरी और सुरक्षित शौचालय सुविधा मिलेगी। एनएचएआइ ने इसके लिए राष्ट्रव्यापी पहल शुरू की है।
इसके तहत मुजफ्फरपुर समेत सभी टोल प्लाजा पर विश्व स्तरीय सार्वजनिक शौचालय विकसित किए जाएंगे। एनएचएआइ का उद्देश्य प्रदर्शन आधारित नए फ्रेमवर्क से सफाई, कार्यक्षमता और लंबे समय तक रखरखाव के उच्च मानक तय करना है।
इस योजना में मौजूदा शौचालय ब्लाकों का नवीनीकरण और नए ब्लाक का निर्माण शामिल है। इनमें मजबूत और टिकाऊ संरचना के साथ ग्रीन बिल्डिंग तकनीक का इस्तेमाल होगा। इससे पूरे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर एक जैसी गुणवत्तापूर्ण सुविधा मिल सकेगी।
सफाई बनाए रखने के लिए एनएचएआइ अब इंटरनेट आफ थिंग्स आधारित लाइव टेलीमेट्री सिस्टम लगाएगा। इससे मेंटेनेंस से जुड़े पैरामीटर्स की रियल-टाइम निगरानी होगी और समय पर मरम्मत संभव होगी।
भुगतान भी परफार्मेंस से जुड़ा होगा। एजेंसियों का मूल्यांकन आटोमेटेड सर्विस लेवल एग्रीमेंट, स्वतंत्र आडिट और राजमार्ग यात्रा मोबाइल एप पर यात्रियों के वेरिफाइड फीडबैक के आधार पर होगा।
महिलाओं और दिव्यांगों का विशेष ध्यान
नई सुविधाओं में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के अनुसार बिना रुकावट पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। साफ पानी, आधुनिक सैनिटेशन और बेहतर सफाई के साथ महिला यात्रियों की सुरक्षा और निजता के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
एनएचएआइ के स्थानीय पदाधिकारी ने बताया कि महंथ मनियारी, मैठी, रुन्नीसैदपुर, चकिया और दरभंगा एनएच पर स्थित टोल प्लाजा पर भी इसे विकसित करने का काम शीघ्र शुरू होगा। डिजिटल निगरानी और नतीजों पर आधारित रखरखाव से यात्रा अनुभव बेहतर होगा और राजमार्गों पर सार्वजनिक सुविधाओं के लिए नए मानक स्थापित होंगे।
- टोल प्लाजा पर बनेंगे विश्व स्तरीय शौचालय, होगी डिजिटल निगरानी
- एनएचएआइ की पहल से लोगों को मिलेगी सुविधा, नवीकरण और नए ब्लाक का निर्माण
- राजमार्ग यात्रा मोबाइल एप पर यात्रियों के वेरिफाइड फीडबैक के आधार पर होगा आडिट