विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में बाढ़ का कहर: भोटेकोशी में 384 टूरिस्ट लापता, 291 विदेशी नागरिक भी शामिल

By Amrendra TiwariEdited By: Dharmendra Singh
Published: Wed, 26 Aug 2026 06:48 PM (IST)

भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के बाद नेपाल के रसुवा जिले से 384 लोग लापता हो गए हैं, जिनमें 291 ...और पढ़ें

नेपाल में बाढ़ के बाद राहत राहत बचाव कार्य में जुटी जवान। फोटो-इंटरनेट मीडिया

नेपाल में बाढ़ के बाद राहत राहत बचाव कार्य में जुटी जवान। फोटो-इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. भोटेकोशी नदी में बाढ़ से 384 लोग लापता।

  2. लापता लोगों में 291 विदेशी नागरिक शामिल हैं।

  3. नेपाल पर्यटन बोर्ड ने खोज अभियान शुरू किया।

अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर (रसुवा)। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में पर्यटकों और यात्रियों के लापता होने की सूचना है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, प्रारंभिक सूची में 384 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली शामिल हैं। पर्यटन तथा ट्रैवल कंपनियों से मिले विवरण के आधार पर यह सूची तैयार की गई है।

ट्रैवल कंपनियों से जुटाई गई जानकारी

नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार लापता लोगों की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए संबंधित एजेंसियों, गाइडों, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा निकायों के साथ समन्वय किया जा रहा है। बोर्ड ने कहा है कि राहत और खोज अभियान के साथ सूची का सत्यापन भी जारी है।

सम्राट टूर्स के 71 लोग लापता

सम्राट टूर्स एंड ट्रैवल्स के 71 लोग लापता बताए गए हैं। इनमें 59 भारतीय और 12 नेपाली नागरिक शामिल हैं। काठमांडू हालिडे टूर्स एंड ट्रैवल्स के 17 लोगों के लापता होने की सूचना है। इनमें एक आस्ट्रेलियाई, एक नीदरलैंड्स के नागरिक और 15 नेपाली शामिल हैं।

लिफ होलिडे के 55 लोग लापता

लिफ होलिडे के 55 लोगों के लापता होने की जानकारी दी गई है। इनमें 46 भारतीय और नौ नेपाली नागरिक हैं। कैलाश जर्नी के 31 लोग लापता हैं। इनमें छह विदेशियों की राष्ट्रीयता की पुष्टि नहीं हो सकी है, जबकि पांच नेपाली नागरिक हैं।

एक कंपनी के 92 लोगों का पता नहीं

एक्सप्लोर वेकेशन ऑफ ट्रेकर्स सोसाइटी के 92 लोग लापता बताए गए हैं। इनमें 77 विदेशियों की राष्ट्रीयता की पुष्टि अभी नहीं हुई है और 15 नेपाली नागरिक हैं। रिक्स टीम एंड ट्रावेल्स के 12 और थाल टूर्स एंड ट्रैवल्स के 27 लोग लापता हैं।

थाल टूर्स के लापता लोगों में तीन अमेरिकी, 17 मलेशियाई और सात नेपाली नागरिक शामिल हैं। हिमालयन ग्लेशियर के 52 लोगों के लापता होने की सूचना है। इनमें 37 एनआरआई और 15 नेपाली नागरिक बताए गए हैं।

अल्पाइन इको ट्रेक के 20 लोग लापता

अल्पाइन इको ट्रेक के 20 लोग लापता बताए गए हैं। इनमें 12 ब्रिटिश, चार दक्षिण अफ्रीकी और चार नेपाली नागरिक शामिल हैं। बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में पर्यटकों के संपर्क से बाहर होने के कारण अलग-अलग एजेंसियों से जानकारी जुटाई जा रही है।

सत्यापन के बाद बदल सकती है संख्या

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि लापता लोगों की यह सूची प्रारंभिक है। राहत और खोज अभियान के दौरान लोगों के मिलने तथा जानकारी के सत्यापन के बाद लापता लोगों की संख्या और उनके विवरण में बदलाव संभव है। बोर्ड संबंधित ट्रैवल कंपनियों और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है।

पर्यटकों के लिए हेल्पलाइन जारी

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में मौजूद पर्यटकों और यात्रियों से आवश्यक सहायता के लिए नेपाल के 1234 नंबर पर संपर्क करने की अपील की गई है। इसके अलावा 1144 हेल्पलाइन तथा 9851289445 नंबर पर पर्यटक पुलिस से संपर्क किया जा सकता है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने प्रभावित क्षेत्र में मौजूद लोगों से नजदीकी पुलिस एवं सुरक्षा निकाय, स्थानीय प्रशासन, ट्रैवल एजेंसी, गाइड या टूर आपरेटर के संपर्क में रहने की अपील की है। बोर्ड की ओर से पर्यटकों और उनके स्वजन को आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने तथा बिना पुष्टि के किसी सूचना पर विश्वास नहीं करने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने बुलाई आपात बैठक, भारत-चीन से मांगी मदद

यह भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ से बिहार के 8 जिलों में हाई अलर्ट, गोपालगंज-बेतिया में NDRF तैनात; 'फ्लैश फ्लड' का खौफ