सरैया सीएचसी के निरीक्षण में गंदगी देख भड़के पारू विधायक, कई कर्मी और प्रभारी मिले गायब
पारू विधायक शंकर प्रसाद यादव ने सरैया सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में गंदगी, अव्यवस्था और कई कर्मचारियों व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकार ...और पढ़ें

सरैया सीएमचसी का निरीक्षण करते पारू के विधायक शंकर प्रसाद यादव। फोटो- जागरण
संवाद सहयोगी, सरैया (मुजफ्फरपुर)। Saraiya CHC Inspection: पारू के विधायक शंकर प्रसाद यादव ने शनिवार को सरैया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था देखकर वह भड़क उठे। साथ ही कई कर्मचारी और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।
विधायक सुबह करीब 11 बजे सीएचसी पहुंचे थे। अस्पताल में अव्यवस्था देखकर उन्होंने तत्काल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार को फोन कर अस्पताल पहुंचने का निर्देश दिया। इसके बाद डॉ. कुमार जल्दबाजी में अस्पताल पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने उपस्थिति पंजी की भी जांच की। इसमें कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई और कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी दी।
विधायक ने अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान अस्पताल में बिचौलियों की सक्रियता की शिकायत सामने आई, जिस पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि अस्पताल में बिचौलियों की गतिविधियां पाई गईं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के समय डॉ. विधाता, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. स्मृति और डॉ. स्नेही सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।