Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर में दूसरी व तीसरी सोमवारी के लिए नई व्यवस्था, चांदनी चौक व मधौल में बनेंगे मिनी कंट्रोल रूम

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 12:24 PM (GMT+05:30)

    Sawan Somwari Security: मुजफ्फरपुर प्रशासन ने श्रावणी मेला 2026 की दूसरी और तीसरी सोमवारी के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। भीड़ प्रबंधन हेतु चांदन ...और पढ़ें

    मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। फाइल फोटो

    मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। फाइल फोटो

    HighLights

    1. चांदनी चौक और मधौल में मिनी कंट्रोल रूम स्थापित

    2. दूसरी और तीसरी सोमवारी के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था

    3. भीड़ प्रबंधन हेतु मजिस्ट्रेट, पुलिस बल तैनात

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Shravani Mela Muzaffarpur: श्रावणी मेला 2026 के दौरान दूसरी और तीसरी सोमवारी पर कांवरियों की संभावित अधिक भीड़ को देखते हुए मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

    जिलाधिकारी कुमार गौरव ने चांदनी चौक और मधौल बाइपास के समीप मिनी कंट्रोल रूम स्थापित करने का आदेश जारी किया है। इसके अनुपालन की जिम्मेदारी अपर समाहर्ता, एसडीओ, एसडीपीओ समेत संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।

    भीड़ की निगरानी

    प्रशासन के अनुसार दूसरी और तीसरी सोमवारी को पहलेजा से जल लेकर आने वाले कांवरियों की संख्या अधिक रहने की संभावना है। इसी कारण इन दोनों स्थानों पर मिनी कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिल सके और व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

    जिलाधिकारी ने इन दोनों सोमवारी पर पालीवार मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि अगली पाली के अधिकारी के कार्यभार संभालने तक पहले से तैनात अधिकारी अपना स्थल नहीं छोड़ेंगे। सुबह और शाम नियमित निरीक्षण भी कराया जाएगा।

    जलाभिषेक के बाद की योजना

    गांधी चौक से सरैयागंज टावर तक लोहे की ट्रॉली और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य जलाभिषेक के बाद कांवरियों को बिना रुके निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ाना है, ताकि मंदिर परिसर और मार्ग पर भीड़ का दबाव न बढ़े।

    इस व्यवस्था के सफल संचालन की जिम्मेदारी सेवा दल के सदस्यों और तैनात अधिकारियों को दी गई है। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्ग से ही आगे भेजा जाए।

    देर तक नहीं रुकें कांवड़िये

    जिलाधिकारी ने सेवा दल और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कांवरियों को बैरिकेडिंग में अधिक देर तक नहीं रोका जाए। अधिक समय तक कतार में रुकने से भीड़ का दबाव बढ़ सकता है और विधि व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसलिए श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनाए रखने पर जोर दिया गया है।

    खबरें और भी

    निरीक्षण में निर्देश

    हाल ही में कांवरिया पथ के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई स्थानों पर खुली और क्षतिग्रस्त बैरिकेडिंग देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खुले हिस्सों को तुरंत दुरुस्त करने तथा कटे हुए लोहे के हिस्सों को सुरक्षित तरीके से ढकने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी कांवरिये के घायल होने की आशंका न रहे।