Bihar MLC Election: तिरहुत शिक्षक निर्वाचन से भाजपा के डा. नरेंद्र सिंह की शानदार जीत
तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा समर्थित उम्मीदवार डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निर्दलीय भूषण कुमार झा को 1311 मतों से हराकर जीत दर्ज की है।

मुजफ्फरपुर में जश्न मनाते नरेंद्र प्रसाद सिंह के समर्थ।
HighLights
डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने शिक्षक निर्वाचन जीता।
भूषण कुमार झा को 1311 मतों से हराया।
मौजूदा एमएलसी संजय कुमार सिंह तीसरे स्थान पर।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा समर्थित उम्मीदवार डा. नरेंद्र प्रसाद सिंह विजयी हुए हैं। मंगलवार को एमआइटी में 10 राउंड की गिनती में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा को 1311 मतों के अंतर से पराजित किया।
वर्तमान एमएलसी एवं सीपीआइ समर्थित उम्मीदवार डा. संजय कुमार सिंह तीसरे स्थान पर रहे। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में वोटों की गिनती चल रही है। अभी शुरुआती रूझान नहीं मिले हैं। बुधवार देर शाम ही इसका अंतिम परिणाम मिल सकेगा।
पिछले दो चुनाव में जीतने वाले डा. संजय कुमार सिंह इस बार पिछड़ गए। वहीं, पिछले चुनाव में तीसरे नंबर पर रहे डा. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने बाजी मारी।
निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा फिर दूसरे नंबर पर रहे। इसमें कुल 11 उम्मीदवार मैदान में थे। पहली वरीयता के वोट से ही डा. नरेंद्र सिंह ने बढ़त बना ली। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 17 उम्मीदवार मैदान में हैं।
धनबल और सरकारी तंत्र की जीत
चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए सीपीआई समर्थित उम्मीदवार डा. संजय कुमार सिंह ने कहा कि वे शिक्षकों के लिए 12 वर्षों तक लड़ते रहे। आगे भी लड़ते रहेंगे।
शिक्षकों के लिए तब भी आवाज उठाई जब सरकार की नीतियों से वे प्रताड़ित हो रहे थे। शिक्षकों ने भी उनका साथ दिया। इसलिए इतने वोट भी आए। दूसरी ओर चुनाव में धनबल का जमकर प्रयोग हुआ। यह सबने देखा। सरकारी तंत्र का भी दुरुपयोग हुआ। यह जीत धनबल और सरकारी तंत्र की है।
समर्थन के लिए सभी शिक्षक भाई-बहनों का आभार
शिक्षक निर्वाचन में दूसरे स्थान पर रहे निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा ने जीत की डा. नरेंद्र प्रसाद सिंह को बधाई दी। वहीं उन्होंने समर्थन के लिए सभी शिक्षकों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, चुनाव में भाई-बहन की तरह साथ देने वाले सभी कार्यकर्ताओं का ऋणी रहूंगा। उनके साथ खड़ा रहूंगा। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षा मंत्री अपने वादे के अनुसार सभी श्रेणी के शिक्षकों को सातवां वेतनमान जल्द दिलाएंगे।
कम समय के बाद भी मिला शिक्षकों का समर्थन
जनसुराज समर्थित उम्मीदवार श्यामनंदन कुमार यादव ने भी डा. नरेंद्र प्रसाद सिंह को जीत की बधाई दी। साथ ही चुनाव प्रचार में कम समय के बाद भी मिले समर्थन के लिए शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने कहा, शिक्षकों के हक की लड़ाई वह लड़ते रहे हैं। पहली बार कोई पिछड़ा वर्ग का उम्मीदवार अपनी इस तरह की उपस्थिति दर्ज कराई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।